Wednesday, 05 August 2026
हिमाचल प्रदेश
Manimahesh Yatra Accident: हिमाचल में थार पर गिरा पहाड़ का मलबा, पंजाब के श्रद्धालु की मौत, मणिमहेश यात्रा पर जा रहे थे चार दोस्त, 3 घायल
डेली संवाद, जालंधर/चंबा। Manimahesh Yatra Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा-भरमौर मार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की थार गाड़ी पर अचानक पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिर गया। इस हादसे में पंजाब के होशियारपुर निवासी एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य तीन युवक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, तड़के करीब तीन बजे पंजाब के इंदौरा से चार श्रद्धालु थार वाहन में सवार होकर भगवान भोले के प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के लिए रवाना हुए थे। जब उनका वाहन चंबा के मेहला क्षेत्र के पास पहुंचा तो अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरकर गाड़ी के सनरूफ को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा।
माखन की मौत
इस हादसे में माखन सिंह (40), पुत्र शरवन सिंह, निवासी गांव मलियां, जिला होशियारपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत चंबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।
सावधानी बरतें
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर चंबा-भरमौर मार्ग पर जहां मणिमहेश यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है।