Thursday, 03 September 2026
पंजाब
Punjab News: मार्कफेड GM पर जानलेवा हमला, गाड़ी रोककर बदमाशों ने पीटा; 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब में लूट की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन लुटेरों द्वारा लोगों को अपना शिकार बनाया जाता है। ऐसा ही एक मामला सामने आ रहा है। खबर है कि मार्कफेड के जीएम के साथ बड़ी लूट हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में फिरोजपुर मार्कफेड के जनरल मैनेजर (GM) सुरजीत सिंह के साथ लूट और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने जगराओं के पास उनकी कार को टक्कर मारकर रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने की मारपीट
इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और नकदी छीनने के साथ-साथ मोबाइल से करीब 2 लाख रुपये पेटीएम के जरिए ट्रांसफर करवा लिए। घटना में सुरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए लुधियाना के DMC अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनके शरीर में तीन से चार फ्रैक्चर हुए हैं।
सुरजीत सिंह की पत्नी गुरमीत कौर के मुताबिक, उनके पति बुधवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान जगराओं के नजदीक कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया। आरोप है कि हमलावर जबरन उनकी कार में घुस गए और उनसे पैसों की मांग करने लगे। जब सुरजीत सिंह ने बताया कि उनके पास ज्यादा नकदी नहीं है, तो आरोपियों ने उनके पास मौजूद कैश छीन लिया।
पत्नी ने लगाई इंसाफ की गुहार
घटना के बाद सुरजीत सिंह की पत्नी ने पंजाब सरकार से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इंसाफ की अपील करते हुए कहा कि अगर नौकरी करने वाले लोग भी रास्ते में सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोग किस भरोसे से अपनी ड्यूटी करेंगे।