Friday, 04 September 2026
जम्मू-कश्मीर
Mata Vaishno Devi: माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर, अब देने होंगे ज्यादा पैसे
डेली संवाद, कटड़ा। Mata Vaishno Devi: श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने हेलीकॉप्टर सेवा के किराए में बढ़ोतरी की है।
मिली जानकारी के मुताबिक माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (Mata Vaishno Devi Shrine Board) ने हेलीकॉप्टर सेवा के किराए में बढ़ोतरी की है। नई दरें 1 नवंबर से लागू होंगी। श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी 1 नवंबर से आगे की हेलीकॉप्टर बुकिंग बढ़े हुए किराए के साथ शुरू हो गई है।
नई दरों के मुताबिक, कटड़ा से सांझीछत तक एक तरफ का हेलीकॉप्टर किराया 2700 रुपये होगा। वहीं, दोनों तरफ यानी कटड़ा से सांझीछत और वापसी के लिए श्रद्धालुओं को 5400 रुपये चुकाने होंगे।
हेलीकॉप्टर सेवा के किराए में बढ़ोतरी
फिलहाल एक तरफ की यात्रा के लिए 2320 रुपये और दोनों तरफ के सफर के लिए 4640 रुपये किराया लिया जा रहा है। नई दर लागू होने के बाद एक तरफ की यात्रा पर श्रद्धालुओं को 380 रुपये अधिक, जबकि राउंड ट्रिप के लिए 760 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।
हेलीकॉप्टर सेवा का इस्तेमाल करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह बढ़ोतरी सीधे यात्रा खर्च पर असर डालेगी। ऐसे में आगामी यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं को बुकिंग से पहले नई किराया दरों की जानकारी जरूर जांचने की सलाह दी जा रही है।