Monday, 13 July 2026
पंजाब
Punjab News: 'मिशन आरंभ' से बदलेगी बच्चों की शुरुआती शिक्षा, 1.6 लाख से अधिक अभिभावक जुड़े
डेली संवाद, चंडीगढ़।
Punjab News: प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को जीवन की सर्वोत्तम शुरुआत उपलब्ध कराने की पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में 'मिशन आरंभ' डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभिभावकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे से जोड़कर प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन ला रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 'प्रथम' (Pratham) तथा 'रॉकेट लर्निंग' (Rocket Learning) के सहयोग से संचालित 'मिशन आरंभ' के तहत व्हाट्सऐप आधारित 'होम लर्निंग' कार्यक्रम के माध्यम से अब तक पंजाब के 1.6 लाख से अधिक अभिभावकों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। परिवारों को सरल, रोचक तथा आयु-उपयुक्त शिक्षण गतिविधियां सीधे उपलब्ध कराकर यह पहल अभिभावकों को घर पर ही अपने बच्चों की शिक्षा और समग्र विकास में सक्रिय सहयोगी बनने के लिए सशक्त बना रही है।