ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 26 November 2026

Punjab News: मोगा रैली में महिलाओं ने सुनाई 'मावां-धियां सत्कार योजना' से बदलती जिंदगी की कहानी, CM भगवंत मान का किया धन्यवाद

Punjab News: मोगा रैली में महिलाओं ने सुनाई 'मावां-धियां सत्कार योजना' से बदलती जिंदगी की कहानी, CM भगवंत मान का किया धन्यवाद

डेली संवाद, मोगा/चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब के मोगा में आयोजित 'खुशहाल पंजाब' महारैली के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार की 'मावां-धियां सत्कार योजना' की लाभार्थी महिलाओं ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि किस तरह इस योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता उनके परिवारों, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और इलाज के खर्चों में मददगार साबित हो रही है।

रैली के दौरान विभिन्न गांवों से पहुंची लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि बैंक खातों में सीधे पहुंचने वाली आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। इस दौरान 'महिला सत्कार सखी' पहल के तहत महिलाओं को मिल रहे रोजगार के अवसरों का भी जिक्र किया गया।

पोती की पढ़ाई और पालन-पोषण में मिल रही मदद: परमजीत कौर

योजना की लाभार्थी परमजीत कौर ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता से घरेलू खर्चों के साथ अपनी पोती की पढ़ाई और पालन-पोषण में मदद मिल रही है।

उन्होंने बताया कि उनकी पोती की मां का निधन हो चुका है और परिवार में कई अन्य सदस्य भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में मिलने वाली आर्थिक सहायता से वह पोती के लिए कपड़े खरीदने और उसकी पढ़ाई का खर्च उठाने में मदद कर पा रही हैं।

परमजीत कौर ने इस योजना को जरूरतमंद महिलाओं और परिवारों के लिए लाभदायक बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद किया।

पिता पर आर्थिक बोझ कम हुआ, पढ़ाई जारी रखने में मिली मदद: नवजोत कौर

योजना की एक अन्य लाभार्थी और छात्रा नवजोत कौर ने बताया कि उनके पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पहले किताबें खरीदने और अपनी छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें पिता से पैसे मांगने पड़ते थे।

उन्होंने कहा कि अब योजना के तहत मिलने वाली राशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंच रही है, जिससे उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने और जरूरी सामान खरीदने में मदद मिल रही है।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

नवजोत कौर के अनुसार, इस आर्थिक सहायता से उनके परिवार पर वित्तीय दबाव कम हुआ है और उन्हें अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

दवाइयों और घरेलू खर्चों में मिल रही आर्थिक राहत: वीना शर्मा

मोगा की लाभार्थी वीना शर्मा ने कहा कि 'मावां-धियां सत्कार योजना' महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते में तीन-तीन महीने की किस्तें एक साथ आने से कुल 6,000 रुपये की राशि मिली है।

वीना शर्मा ने कहा कि कई महिलाओं को आर्थिक तंगी के कारण दवाइयां खरीदने और घरेलू जरूरतें पूरी करने में परेशानी होती थी। योजना के तहत मिलने वाली राशि से ऐसी महिलाओं को काफी राहत मिली है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए योजना को महिलाओं के लिए उपयोगी बताया।

'महिला सत्कार सखी' पहल से गांव की महिलाओं को रोजगार

गांव झंडेआना शरकी की निवासी तनवीर कौर ने बताया कि वह अपने गांव में महिला सत्कार सखी के रूप में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें 'मावां-धियां सत्कार योजना' के तहत हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। इसके साथ ही सत्कार सखी पहल के तहत भी उनके खाते में पहली किस्त पहुंच चुकी है।

तनवीर कौर ने बताया कि उनके गांव की बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। इसके अलावा 'सत्कार सखी' पहल के माध्यम से उन महिलाओं को भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जो पहले घरों तक सीमित थीं।

मोगा रैली में महिलाओं ने साझा किए अनुभव

'खुशहाल पंजाब' महारैली के दौरान लाभार्थियों की ओर से साझा किए गए अनुभवों में आर्थिक सहायता के अलग-अलग फायदे सामने आए। किसी महिला ने इसे बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण के लिए उपयोगी बताया तो किसी ने दवाइयों और घरेलू खर्चों में राहत मिलने की बात कही।

वहीं, 'महिला सत्कार सखी' पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलने का मुद्दा भी सामने आया। रैली में महिलाओं के इन अनुभवों के जरिए पंजाब सरकार की महिला कल्याण योजनाओं और उनके लाभार्थियों से जुड़े पहलुओं को प्रस्तुत किया गया।