Thursday, 01 October 2026
पंजाब
Punjab News: मोहाली के RMC पॉइंट पर भीषण आग, 16 फायर टेंडर मौके पर; धुएं से लोगों की बढ़ी परेशानी
डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: मोहाली (Mohali) के पॉश इलाके के पास स्थित RMC पॉइंट पर सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसे काबू करने के लिए करीब 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटे की मशक्कत के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
आग से निकल रहे घने धुएं के कारण आसपास से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद मोहाली में इस मुद्दे को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता मौके पर पहुंचे और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर एक-दूसरे पर सवाल उठाए।
RMC पॉइंट की आग पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि उन्होंने करीब साढ़े तीन साल पहले भी इस समस्या को लेकर आवाज उठाई थी। उनके मुताबिक, लोगों को RMC पॉइंट की समस्या से निजात दिलाने के लिए उन्होंने कानूनी नोटिस भी दिया है।
बेदी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह इस मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस जगह समगौली में प्लांट लगाया जाना प्रस्तावित है, वहां तक पहुंचने के लिए अभी तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है और न ही टेंडर हुआ है।
‘गमाडा ने मोहाली में हजारों करोड़ की प्रॉपर्टी बेची’
उन्होंने रिहायशी इलाके के नजदीक RMC पॉइंट होने को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि ऐसी स्थिति में भविष्य में बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि गमाडा ने मोहाली में करीब 8 हजार करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी बेची है, लेकिन इसके बावजूद RMC पॉइंट की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को धुएं, आग और प्रदूषण से राहत मिल सके।
जीती सिद्धू ने विधायक कुलवंत सिंह को दी चुनौती
वहीं पूर्व मेयर जीती सिद्धू भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मोहाली विधायक कुलवंत सिंह को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि विधायक को चुनाव लड़ना है तो सबसे पहले RMC पॉइंट को बंद करवाना चाहिए।
जीती सिद्धू ने कहा कि घटना के बाद हालात ऐसे हैं कि जिम्मेदार लोगों के लिए जनता के सामने जाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि RMC पॉइंट का क्षेत्र काफी बड़ा है और यहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं।
‘50 गाड़ियां लेकर आएं और RMC पॉइंट बंद करवाएं’
जीती सिद्धू ने कहा कि यह काम किसी एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है। उन्होंने विधायक कुलवंत सिंह से कहा कि 50 गाड़ियां लेकर आएं और RMC पॉइंट को बंद करवाएं।
उन्होंने कहा कि आग से हुए नुकसान की भरपाई आसान नहीं है और प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
धुएं से लोगों को हो रही परेशानी
RMC पॉइंट पर लगी आग के कारण इलाके में धुएं का गुबार फैल गया है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। दमकल विभाग की कई गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारण और इससे हुए नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।