Saturday, 15 August 2026
जालंधर
Jalandhar News: कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिवारों का किया विशेष सम्मान
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में मनाए गए जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पंजाब के रक्षा सेवाएं कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा देश के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, देश की रक्षा के लिए हुए विभिन्न ऑपरेशनों के दौरान शहीद हुए सैनिकों के परिवारों और जख्मी हुए सैनिकों का विशेष सम्मान किया गया।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा देश के स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लेने वाले स्वतंत्रता सेनानी प्रेम सागर और देव वर्त शर्मा का सम्मान किया गया।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री द्वारा ऑपरेशन रक्षक के दौरान जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए शहीद हुए गनर बूटा सिंह की धर्मपत्नी दलविंदर कौर, सिपाही राजिंदर सिंह की धर्मपत्नी कुलविंदर कौर, शहीद नायक आत्मा सिंह की धर्मपत्नी हरप्रीत कौर, शहीद हेड कांस्टेबल अवतार सिंह की धर्मपत्नी कमलजीत कौर तथा आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के कारण जख्मी हुए लांस नायक जतिंदर सैनी को सेना मेडल से सम्मानित किया गया।