Tuesday, 24 November 2026
देश
नाबालिग दुष्कर्म मामले के बाद त्रिशूल होम स्टे का अतिक्रमण ध्वस्त, मालिक ने खुद हटाई अवैध संरचना
हल्द्वानी। उत्तराखंड के पनियाली स्थित त्रिशूल होम स्टे के मालिक ने प्रशासन की ओर से नोटिस जारी होने के बाद अतिक्रमण वाले हिस्से को स्वयं ध्वस्त कर दिया। सोमवार को होम स्टे के किचन और स्टोर से जुड़े हिस्से को हटाया गया।
दरअसल, त्रिशूल होम स्टे में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने धीरज सिंह बिष्ट समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। धीरज सिंह बिष्ट एमबीपीजी कॉलेज में एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुका है। जांच के दौरान होम स्टे के बिना पंजीकरण संचालित होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद पर्यटन विभाग ने होम स्टे को सील कर दिया था।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला
प्रशासन के अनुसार, होम स्टे भवन का कुछ हिस्सा सरकारी भूमि पर बना हुआ था। सिटी मजिस्ट्रेट एबी बाजपेयी ने बताया कि संबंधित स्थान पर पहले रोखड़ (प्राकृतिक जल निकासी का रास्ता) था, जिस पर अतिक्रमण किया गया था।
इस संबंध में होम स्टे के मालिक घनश्याम सुयाल को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद सोमवार को मालिक ने स्वयं ही संबंधित हिस्से को ध्वस्त कर कब्जा हटा लिया।