ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 24 September 2026

Fire in Bus: चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत; बस पर थे 19 चालान

Fire in Bus: चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत; बस पर थे 19 चालान

डेली संवाद, नोएडा। Fire in Bus: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चलती स्लीपर AC बस में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बस में सवार 9 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक बस में करीब 35 यात्री सवार थे और कई लोगों ने किसी तरह खिड़कियां तोड़कर अपनी जान बचाई।

हादसा जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर करीब रात 11:30 बजे हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

AC में स्पार्क या ब्लास्ट से आग लगने की आशंका

ग्रेटर नोएडा पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में बस के AC सिस्टम में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन के लुब्रिकेटिंग ऑयल में आग लगने की आशंका सामने आई है। इसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच अभी जारी है।

यात्रियों ने धुएं और जलने की गंध की दी जानकारी

FIR में यात्री सुनील कुमार की शिकायत के आधार पर कहा गया है कि बस में सवार यात्रियों को जलने की गंध महसूस हुई थी। शिकायत के मुताबिक यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर से बस रोकने को कहा, लेकिन आरोप है कि बस तुरंत नहीं रोकी गई। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि ड्राइवर और कंडक्टर बस के केबिन में धूम्रपान कर रहे थे।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है। आग भड़कने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री धुएं के बीच खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले। कुछ लोग बस से कूदकर भी अपनी जान बचाने में सफल रहे।

फायर ब्रिगेड ने बस का पिछला हिस्सा काटकर निकाले शव

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के बाद बचाव दल ने बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

अधिकारियों के अनुसार कई शव बुरी तरह झुलस गए थे, जिसके कारण उनकी पहचान में भी मुश्किल आई। राहत एवं बचाव अभियान करीब दो घंटे तक चला।

बस पर 19 चालान, ₹1.75 लाख का जुर्माना

हादसे के बाद बस के पुराने ट्रैफिक रिकॉर्ड की भी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक बस पर कुल 19 चालान थे और इन पर करीब 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इनमें अधिकांश चालान ओवरस्पीडिंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश गिरफ्तार

पुलिस ने हादसे के बाद बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार किया है। मामले में FIR दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों और संभावित सुरक्षा चूक की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं।

हादसे ने उठाए स्लीपर बसों की सुरक्षा पर सवाल

यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे के बाद लंबी दूरी की स्लीपर बसों में यात्रियों की सुरक्षा, फायर सेफ्टी उपकरण, वाहन फिटनेस और आपात स्थिति में निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इस मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।