Tuesday, 04 August 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में पार्किंग विवाद में चली ताबड़तोड़ गोलियां, दो घायल: आरोपी फरार
डेली संवाद, पटियाला। Punjab News: पंजाब में कार पार्किंग के मामूली विवाद में गोलियां चलने की खबर सामने आ रही है जिसमें दो लोगों को गोली लगी है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पटियाला (Patiala) के लीला भवन क्षेत्र में मंगलवार को कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने कार एसेसरीज के दुकानदार और उसके बेटे पर कथित तौर पर गोलियां चला दीं।
फायरिंग में दोनों घायल
फायरिंग में दोनों घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए राजिंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया।
घायल दुकानदार के अनुसार, एक व्यक्ति उसकी दुकान के सामने अपनी कार खड़ी कर कहीं जा रहा था। दुकान के बाहर वाहन खड़ा होने से ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए उसने कार को किनारे लगाने के लिए कहा।
आरोपी मौके से फरार
इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिस्तौल निकाल ली और दुकानदार तथा उसके बेटे पर फायरिंग कर दी। वारदात के बाद वह अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।