Tuesday, 11 August 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, 24 वर्षीय युवक की हत्या; बचाने आए व्यक्ति पर भी हमला
डेली संवाद, पटियाला। Punjab News: पटियाला जिले के सनौर कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते एक 24 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों ने युवक पर चाकू और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में युवक की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जशन विर्क के रूप में हुई है।
बलदेव सिंह भी गंभीर रूप से घायल
वहीं, जशन को हमलावरों से बचाने की कोशिश कर रहे बलदेव सिंह भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बहस के बाद खूनी झड़प
बताया जा रहा है कि जशन विर्क की कुछ युवकों के साथ पहले से रंजिश चल रही थी। सोमवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जशन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद बलदेव सिंह ने बीच-बचाव करते हुए जशन को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों घायलों को गंभीर हालत में राजिंदरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जशन विर्क को मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।