Monday, 02 November 2026
देश
Plane Crash: 35 हजार फीट से तेजी से नीचे गिरा विमान, पायलट की आखिरी पुकार- मेडे, मेडे; 9 लोगों की मौत
डेली संवाद, फ्लोरिडा। Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। टेक्सास से बहामास जा रहा एक बिजनेस जेट रिहायशी इलाके के पास क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे से कुछ सेकंड पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इमरजेंसी कॉल करते हुए कहा था कि विमान तेजी से नीचे गिर रहा है और अब जमीन से टकराने में ज्यादा वक्त नहीं बचा है।
AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान क्रैश होने से पहले पायलट ने मौसम खराब होने और विमान में बर्फ जमने की जानकारी दी थी। इसके बाद विमान अचानक तेजी से नीचे गिरने लगा। कुछ ही देर में विमान सड़क के पास जमीन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाका हुआ, जमीन पर बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास आग फैल गई। हादसे वाली जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से करीब 14 किलोमीटर दूर बताई जा रही है।
पायलट ने आखिरी समय में दी थी 'मेडे' कॉल
हादसे से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और पायलट के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें पायलट ने बताया कि इलाके में मौसम खराब हो रहा है। विमान में बर्फ जम रही है और उसे तेज झटके लग रहे हैं। हालात बिगड़ने पर पायलट ने 2 हजार फीट और ऊंचाई पर जाने की अनुमति मांगी थी। इसी दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे गिरने लगा।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर दी। पायलट ने रेडियो पर कहा, "हम 8 हजार फीट नीचे जा रहे हैं... मेडे, मेडे... हम 10 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहे हैं। हम जमीन से टकराने वाले हैं।" इसके कुछ ही देर बाद विमान जमीन से टकरा गया। पायलट की यह आखिरी चेतावनी हादसे की भयावह स्थिति को बयां करती है।
35 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरा विमान
रिपोर्ट के मुताबिक, बिजनेस जेट हादसे से पहले करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। विमान के नीचे गिरने के दौरान इसकी अधिकतम वर्टिकल स्पीड 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई थी। अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर हुआ।
उन्होंने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताया। हादसे की जांच के लिए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) अपनी टीम भेज रहा है। यह टीम नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर विमान दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी।
हादसे के बाद 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
विमान रिहायशी इलाके के पास क्रैश हुआ था। हादसे के बाद मलबे और आग के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के इलाके में बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
फ्लोरिडा के अधिकारियों के मुताबिक, करीब 600 लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों के लिए दो शेल्टर भी बनाए गए।
करीब 22 साल पुराना था विमान
एविएशन इंडस्ट्री की वेबसाइट एविएशन इंटरनेशनल न्यूज के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ बिजनेस जेट वर्ष 2004 में बनाया गया था। इस हिसाब से दुर्घटना के समय विमान करीब 22 साल पुराना था। हादसे के समय इलाके में भारी बारिश, गरज-चमक और तूफानी मौसम था। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक खराब मौसम को दुर्घटना की निश्चित वजह घोषित नहीं किया है।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि क्रैश होने से पहले विमान बिजली की लाइन से टकराया था। हालांकि, अधिकारियों ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल FAA और NTSB की जांच के बाद ही विमान के क्रैश होने की असली वजह सामने आ सकेगी।