Saturday, 28 November 2026
देश
PM Modi Women Reservation: महिला आरक्षण पर PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- महिलाओं को 33% आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध, हर बाधा करेंगे दूर
डेली संवाद, नई दिल्ली (महाबीर जायसवाल)। PM Modi Women Reservation: संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण कानून को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने और उन्हें नीति निर्माण में उचित भागीदारी दिलाने का सरकार का संकल्प अटल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि सरकार ने देश की महिलाओं से जो वादा किया था, उसे पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के लिए दशकों से संघर्ष चल रहा है और वह भी इस संघर्ष का हिस्सा रहे हैं।
महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के उत्थान और उन्हें देश के नीति निर्माण में उचित भागीदारी दिलाना बेहद जरूरी है।
पीएम मोदी के मुताबिक, महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं से किया गया वादा पूरा करने के लिए सरकार संकल्पित है।
परिसीमन विधेयक के जरिए महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी
महिला आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री का यह बयान केंद्र सरकार की परिसीमन संबंधी नई पहल के बीच आया है। सरकार ने 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा था।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
प्रस्तावित योजना के अनुसार, 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन करने और लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी के बाद महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।
इसका उद्देश्य संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है, ताकि देश की नीति निर्माण प्रक्रिया में महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व मिल सके।
महिला आरक्षण बिल में संशोधन की तैयारी
केंद्र सरकार महिला आरक्षण कानून में संशोधन करने की तैयारी कर रही है। इसका प्रमुख उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की व्यवस्था को आगे बढ़ाना है।
इससे पहले महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ी गई थी। प्रस्तावित बदलावों में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने का प्रावधान भी चर्चा में रहा है।
हालांकि, महिला आरक्षण लागू करने की अंतिम प्रक्रिया और समयसीमा संसद में पारित होने वाले विधेयकों तथा संवैधानिक प्रावधानों पर निर्भर करेगी।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से होगा शुरू
महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर संसद का आगामी विशेष सत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी।
सरकारी कामकाज और सत्र की निर्धारित कार्यवाही के आधार पर इसके 3 दिसंबर तक समाप्त होने की उम्मीद है।
इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण कानून और परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर सरकार की आगे की रणनीति महत्वपूर्ण रहेगी। देश की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रक्रिया को लेकर संसद में क्या निर्णय सामने आते हैं।