Sunday, 27 September 2026
पंजाब
Police Raid: SGPC के पूर्व सदस्य के घर पुलिस की दबिश, रेप केस में जांच तेज; पत्नी से डेढ़ घंटे पूछताछ
डेली संवाद, लुधियाना। Police Raid: महिला से रेप के आरोप में नामजद SGPC के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ पंजाब पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार सुबह लुधियाना के पॉश इलाके मॉडल टाउन एक्सटेंशन में पंजाब पुलिस की टीम ने चावला के घर पर छापेमारी की।
पुलिस के पहुंचने के समय अमरजीत सिंह चावला घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद पुलिस टीम ने घर में मौजूद उनकी पत्नी से पूछताछ की। पुलिस (Police) की कार्रवाई सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुई। यह कार्रवाई थाना आनंदपुर साहिब में दर्ज रेप केस की जांच के सिलसिले में की गई।
आनंदपुर साहिब से पहुंची पुलिस टीम
जानकारी के मुताबिक, आनंदपुर साहिब से करीब 10 से 15 पुलिसकर्मियों की टीम तीन वाहनों में लुधियाना (Ludhiana) पहुंची। टीम में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। पुलिस ने घर में पूछताछ के साथ जरूरी दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
जांच अधिकारी के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को थाना आनंदपुर साहिब में रेप के आरोप में FIR दर्ज की गई थी, जिसमें अमरजीत सिंह चावला को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामले में किसी तरह की साजिश या संदिग्ध संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस संभावित दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
FIR में महिला की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार:
1. धार्मिक यात्रा के लिए आनंदपुर साहिब आई थी:
महिला मालवा क्षेत्र से संबंधित बताई गई है और पिछले करीब 25 वर्षों से बहरीन में रह रही है। शिकायत के अनुसार, वह धार्मिक यात्रा के लिए श्री आनंदपुर साहिब आई थी।
2. बंधक बनाने और कई बार रेप का आरोप:
महिला ने आरोप लगाया कि अमरजीत सिंह चावला उसे अलग-अलग सराय/कमरों में ले गया और कथित तौर पर बंधक बनाकर कई बार रेप किया। शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर उसे धमकाया गया। महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन एक सेवादार ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
3. पंथक नेताओं से न्याय की गुहार का दावा:
महिला ने दावा किया कि उसने SGPC प्रधान हरजिंदर सिंह धामी और श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज समेत कई पंथक हस्तियों से न्याय की गुहार लगाई थी। महिला के अनुसार, सुनवाई नहीं होने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ जारी है। पुलिस द्वारा जुटाए जा रहे दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। रेप के आरोपों की पुष्टि अदालत में साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।