ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 10 September 2026

Punjab News: पंजाब के स्कूलों में पहली बार CJP की एंट्री: टॉयलेट में हाइजीन की कमी मिली, शिक्षा मंत्री को दी रिपोर्ट

Punjab News: पंजाब के स्कूलों में पहली बार CJP की एंट्री: टॉयलेट में हाइजीन की कमी मिली, शिक्षा मंत्री को दी रिपोर्ट

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम गुरुवार को पहली बार पंजाब के सरकारी स्कूलों में पहुंची। CJP के प्रवक्ता सौरव दास के नेतृत्व में टीम ने लुधियाना के 3 सरकारी स्कूलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इनमें दो स्कूलों में टीम को कोई बड़ी खामी नहीं मिली, जबकि एक स्कूल में टॉयलेट की व्यवस्था और हाइजीन को लेकर गंभीर कमियां सामने आईं।

सौरव दास ने स्कूलों के दौरे का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि तीनों स्कूलों की ऑडिट रिपोर्ट पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को सौंप दी गई है।

गर्ल्स टॉयलेट में नहीं मिले दरवाजे

CJP टीम ने लुधियाना के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जंड्याली का भी निरीक्षण किया। टीम के मुताबिक, यहां टॉयलेट साफ-सुथरे नहीं मिले और हाइजीन की कमी नजर आई।

निरीक्षण के दौरान लड़कियों के लिए पर्याप्त टॉयलेट की व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई। टीम ने दावा किया कि कुछ गर्ल्स टॉयलेट में दरवाजे तक नहीं थे। सौरव दास ने सवाल उठाया कि स्कूलों में बच्चों के लिए बुनियादी सुविधाएं और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।

तीनों स्कूलों में क्लीनिंग स्टाफ नहीं होने का दावा

CJP टीम के अनुसार, दौरे के दौरान तीनों स्कूलों में क्लीनिंग स्टाफ मौजूद नहीं था। टीम ने स्कूलों की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी अपनी ऑडिट रिपोर्ट में शामिल की है।

हालांकि, दो स्कूलों में टीम को व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं और वहां किसी बड़ी खामी की जानकारी नहीं दी गई।

सेक्टर-32 स्कूल ऑफ एमिनेंस का भी दौरा

सौरव दास और उनकी टीम ने सेक्टर-32 स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस का दौरा किया। यह स्कूल पंजाब के प्रमुख स्कूलों में शामिल है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण पिछली कांग्रेस सरकार के समय हुआ था और करीब दो साल पहले इंद्रापुरी स्कूल से बच्चों को यहां शिफ्ट किया गया था। टीम ने स्कूल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और यहां किसी बड़ी खामी की बात सामने नहीं रखी।

पंजाब के पुराने स्मार्ट स्कूलों में शामिल जंड्याली स्कूल

CJP टीम ने सरकारी प्राइमरी स्कूल जंड्याली का भी निरीक्षण किया। यह स्कूल पंजाब के शुरुआती स्मार्ट स्कूलों में शामिल रहा है।

बताया गया कि स्कूल के शिक्षक नरिंदर सिंह ने अपने प्रयासों और कॉरपोरेट सेक्टर सहित अन्य लोगों की मदद से करीब 12 साल पहले स्कूल को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया था। इसी मॉडल को आधार बनाकर बाद में पंजाब में स्मार्ट स्कूल कॉन्सेप्ट को आगे बढ़ाया गया था।

अरविंद केजरीवाल ने दी प्रतिक्रिया

सौरव दास की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी।

केजरीवाल ने सौरव दास को कमियों की ओर ध्यान दिलाने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इन समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा। इससे पहले सौरव दास ने कहा था कि स्कूलों की ऑडिट रिपोर्ट शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को दी गई है।

स्कूलों की सुविधाओं और हाइजीन पर उठे सवाल

लुधियाना के तीन स्कूलों के दौरे के बाद CJP टीम ने खास तौर पर टॉयलेट, साफ-सफाई, हाइजीन और क्लीनिंग स्टाफ से जुड़े मुद्दों को सामने रखा है।

एक तरफ जहां स्कूल ऑफ एमिनेंस और सरकारी प्राइमरी स्कूल जंड्याली में टीम को कोई बड़ी कमी नहीं मिली, वहीं सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जंड्याली में टॉयलेट की स्थिति को लेकर सवाल उठाए गए हैं। अब देखना होगा कि ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग की ओर से इन कमियों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।