ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 12 September 2026

Punjab News: मौत से पहले पंजाबी इन्फ्लुएंसर का VIDEO वायरल: बोली- मुझे आग लगा दी, आरोपियों को मत छोड़ना

Punjab News: मौत से पहले पंजाबी इन्फ्लुएंसर का VIDEO वायरल: बोली- मुझे आग लगा दी, आरोपियों को मत छोड़ना

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मनजीत कौर हत्याकांड में एक नया और अहम मोड़ सामने आया है। मनजीत कौर का मौत से पहले का वीडियो सामने आया है। वीडियो उस समय का बताया जा रहा है, जब वह गंभीर रूप से झुलसी हालत में चंडीगढ़ PGI में इलाज के लिए भर्ती थीं।

वीडियो में मनजीत कौर अपनी आपबीती बताते हुए कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि वह करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती हैं और बेहद तकलीफ में हैं। वीडियो में उन्होंने शुभी, नेहा और दो युवकों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें मोरिंडा ले जाकर आग लगा दी गई।

वीडियो में मनजीत ने क्या कहा?

मौत से पहले बनाए गए बताए जा रहे वीडियो में मनजीत कौर ने कहा कि उन्हें कुछ लोगों ने ले जाकर आग लगा दी। उन्होंने वीडियो में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।

यह वीडियो अब सामने आने के बाद मामले की जांच में इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, वीडियो की परिस्थितियों और इसकी पूरी सत्यता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

26 अगस्त को PGI में हुई थी मौत

मनजीत कौर की 26 अगस्त 2026 को इलाज के दौरान PGI चंडीगढ़ में मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद परिवार ने मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। मनजीत की मां कांता देवी के मुताबिक, 3 जुलाई की रात उनकी बेटी को उसके परिचितों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में बुलाया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

परिवार को बाद में पता चला कि मनजीत गंभीर रूप से झुलसी हालत में अस्पताल में भर्ती है। हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ लाया गया था।

मां का आरोप- बेटी को पेड़ से बांधकर आग लगाई

मनजीत की मां कांता देवी ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को सेक्टर-34 से कार में ले जाया गया। इसके बाद उसे मोरिंडा के पास सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट की गई और पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई।

परिवार के मुताबिक, मौके पर पहुंची मनजीत की एक दोस्त ने आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। बाद में गंभीर हालत को देखते हुए मनजीत को PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया।

होश में आने के बाद बयान देना चाहती थी मनजीत

परिवार का कहना है कि इलाज के दौरान 5 अगस्त को मनजीत ने होश में आना शुरू किया था। मां का आरोप है कि उनकी बेटी घटना के बारे में बताना और अपना बयान दर्ज करवाना चाहती थी। परिवार ने इसकी जानकारी पुलिस को भी दी थी।

हालांकि, परिवार का आरोप है कि उस समय मनजीत का बयान दर्ज नहीं किया गया। अब उनकी मौत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

परमिंदर उर्फ पिंदा गिरफ्तार, 4 दिन के रिमांड पर

मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने 10 सितंबर को परमिंदर सिंह उर्फ पिंदा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे सेक्टर-48 की मोटर मार्केट से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पिंदा कथित तौर पर मुख्य आरोपी रिंकू का सहयोगी है।

आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस को उसका 4 दिन का रिमांड मिला। पूछताछ के दौरान पुलिस ने 3 और 4 जुलाई की रात की घटनाओं, मनजीत के साथ हुई गतिविधियों और रिंकू से उसके संपर्क को लेकर जानकारी जुटाई।

रिंकू से विवाद के बाद मारपीट का दावा

पुलिस पूछताछ में पिंदा ने कथित तौर पर बताया कि घटना से पहले रिंकू और मनजीत कौर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों सेक्टर-34 पहुंचे, जहां विवाद बढ़ गया और हाथापाई हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आए कथित घटनाक्रम के अनुसार मनजीत को कार में बैठाकर सेक्टर-34 के एक पार्क के पीछे ले जाया गया।

वहां उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे जलाया गया। हालांकि, पुलिस अब इन बयानों को CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से क्रॉस-चेक कर रही है।

मोरिंडा से अब सेक्टर-34 तक बदली जांच की दिशा

शुरुआती जानकारी में मनजीत को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 से अगवा कर मोरिंडा ले जाकर जलाने की बात सामने आई थी। लेकिन आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस अब सेक्टर-34 को भी वारदात की अहम जगह मानकर जांच कर रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 3 जुलाई की रात मनजीत को कहां ले जाया गया, किस वाहन का इस्तेमाल हुआ और घटना वास्तव में किस स्थान पर हुई।

रिंकू और शुभी की तलाश

परमिंदर उर्फ पिंदा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब रिंकू और शुभी की तलाश में जुटी है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

जांच में पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को आपस में जोड़कर 3 जुलाई की रात का पूरा घटनाक्रम सामने लाने की कोशिश कर रही है।

फॉर्च्यूनर के बाद अब सफेद स्विफ्ट की तलाश

मामले में वाहन भी जांच की अहम कड़ी बन गया है। शुरुआती जांच में जिस फॉर्च्यूनर को लेकर शक जताया गया था, पुलिस की मौजूदा जांच में उसे घटना में इस्तेमाल वाहन नहीं माना जा रहा है।

अब पुलिस सफेद रंग की स्विफ्ट कार के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि 3 जुलाई की रात मनजीत को किस वाहन में ले जाया गया और उस वाहन की लोकेशन कहां-कहां रही।

कौन थीं मनजीत कौर?

मनजीत कौर 28 वर्षीय पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट थीं। वह सोशल मीडिया पर मेकअप, लाइफस्टाइल, कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स और पंजाबी-हरियाणवी गानों पर रील्स और वीडियो बनाती थीं।

इंस्टाग्राम पर उनके 1.46 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जाते हैं। इसके अलावा यूट्यूब पर भी उनके करीब 4 हजार सब्सक्राइबर थे। मनजीत मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली थीं और बाद में खरड़ में किराए के मकान में रह रही थीं।