Wednesday, 30 September 2026
पंजाब
Punjab News: नशा और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 5 लोग काबू; भारी मात्रा में हेरोइन बरामद
डेली संवाद, चंडीगढ़/अमृतसर। Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पांच व्यक्तियों को 13 पिस्तौल और 3.267 किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार कर नशा तस्करी तथा अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले तीन नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान क्रिश गोल्ड (20) निवासी लोहगढ़, अमृतसर; कुणाल मेहता उर्फ कन्नू (21) निवासी कटड़ा दुल्लो, अमृतसर; रॉबिन (21) निवासी हिंदुस्तान बस्ती, अमृतसर; जसकरण सिंह उर्फ जस (36) निवासी भूटानपुरा, अमृतसर और जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोबन (22) निवासी गांव नौशहरा ढल्ला, तरनतारन के रूप में हुई है। आरोपी जसकरण उर्फ जस आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले ही एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जिंदा कारतूस बरामद किए
बरामद किए गए पिस्तौलों में आठ .30 बोर पीएक्स-3, तीन .30 बोर, एक 9 एमएम ग्लॉक और एक 9 एमएम पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा 22 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हथियारों और नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही आरोपियों की कार भी जब्त कर ली है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी क्षेत्र में अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति में शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस मामले के आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने तथा विदेशों में बैठे हैंडलरों सहित इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।
2.040 किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया
पहले ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमों ने क्रिश गोल्ड और कुणाल मेहता उर्फ कन्नू को दो .30 बोर पिस्तौलों समेत गिरफ्तार किया। कुणाल उर्फ कन्नू से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर तीन और पिस्तौल, 14 जिंदा कारतूस और 1.227 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पूछताछ के दौरान सिविल लाइंस क्षेत्र से उनके साथी रॉबिन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।दूसरे ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए सीपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने एक कार को रोककर उसमें सवार जसकरण सिंह उर्फ जस को 2.040 किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया।
FIR दर्ज
तीसरे ऑपरेशन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोबन को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से आठ पीएक्स-3 पिस्तौल तथा आठ जिंदा कारतूस बरामद किए। इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
पहला मामला एफआईआर नंबर 168, दिनांक 25.09.2026 को आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(6,7,8) और एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी के तहत दर्ज किया गया है। दूसरा मामला एफआईआर नंबर 228, दिनांक 28.09.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी के तहत थाना डी-डिवीजन में दर्ज किया गया है। तीसरा मामला एफआईआर नंबर 230, दिनांक 29.09.2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत थाना छेहरटा में दर्ज किया गया है।