Sunday, 09 August 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में AAP को बड़ा सियासी झटका, इन दो बड़े नेताओं ने दिया इस्तीफा, मची हलचल
डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को अमृतसर से बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पीआरटीसी (PEPSU Road Transport Corporation) के मौजूदा डायरेक्टर और अमृतसर देहाती के पूर्व जिला प्रधान बलजिंदर सिंह ढिल्लों थांदे ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
वहीं राजासांसी हलके के पार्टी मीडिया इंचार्ज और जिला ज्वाइंट सेक्रेटरी शिव कुमार चुरगांव ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
2021 में अरविंद केजरीवाल ने कराया था पार्टी में शामिल
बलजिंदर सिंह ढिल्लों थांदे को वर्ष 2021 में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी में शामिल कराया था।
इसके बाद उन्होंने अमृतसर देहाती में संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई और जिला प्रधान की जिम्मेदारी भी संभाली। वर्तमान में वह पीआरटीसी के डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
एक साथ दो नेताओं के इस्तीफे से बढ़ी सियासी हलचल
ढिल्लों थांदे के इस्तीफे के साथ ही शिव कुमार चुरगांव के पद छोड़ने से अमृतसर में आम आदमी पार्टी के संगठन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक ही समय में पार्टी के दो प्रमुख चेहरों के इस्तीफे ने विपक्ष को भी पार्टी की अंदरूनी स्थिति पर सवाल उठाने का मौका दे दिया है।
फिलहाल दोनों नेताओं ने इस्तीफा तो दे दिया है, लेकिन इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है। पार्टी की ओर से भी इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति में इस घटनाक्रम के दूरगामी असर देखने को मिल सकते हैं।