Thursday, 24 September 2026
पंजाब
Punjab News: विधवा और निराश्रित महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत कर रही है पंजाब सरकार
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News; सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सामाजिक सुरक्षा को जनकल्याण की नींव मानते हुए यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रदेश की कोई भी जरूरतमंद महिला अपने अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि विधवा और निराश्रित महिलाओं को केवल वित्तीय सहायता ही नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास से भरपूर जीवन जीने का अवसर प्रदान करना भी सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।
वित्तीय सहायता का लाभ मिल रहा
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि विधवा और निराश्रित महिलाओं को वित्तीय सहायता योजना के तहत मौजूदा वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक करीब 624 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जिससे 7 लाख से अधिक महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता का लाभ मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
उन्होंने कहा कि इसी वित्तीय वर्ष के लिए इस योजना हेतु 1200 करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रावधान किया गया है, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत बनाने तथा हर योग्य लाभार्थी तक बिना किसी बाधा के समय पर वित्तीय सहायता पहुंचाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।
महिला इस जनकल्याण योजना से वंचित नहीं रहनी चाहिए
मंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ लेने वाली हर महिला का जीवन संघर्ष, हिम्मत और नई उम्मीद की कहानी है। पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसी महिलाओं को आर्थिक रूप से संभलने, आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ जीवन जीने के लिए मजबूत सहारा देना है।
डॉ. बलजीत कौर ने विभाग के सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि योजना की जानकारी को घर-घर तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सेवा केंद्रों, पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों और अन्य फील्ड स्टाफ के सहयोग से हर योग्य महिला की पहचान करके उसे योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानकारी की कमी, प्रशासनिक देरी या किसी भी स्तर की लापरवाही के कारण कोई भी हकदार महिला सरकार की इस जनकल्याण योजना से वंचित नहीं रहनी चाहिए।
योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार की स्पष्ट नीति है कि जनकल्याण की हर योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ अंतिम योग्य लाभार्थी तक पहुंचे। इसी सोच के तहत सामाजिक सुरक्षा से संबंधित सभी योजनाओं की प्रभावी निगरानी और जमीनी स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है।
अंत में डॉ. बलजीत कौर ने सभी योग्य महिलाओं और उनके परिवारों से अपील की कि वे अपने नजदीकी जिला सामाजिक सुरक्षा कार्यालय, सेवा केंद्र या संबंधित सरकारी कार्यालय से संपर्क करके योजना के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त करें और पंजाब सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही जनकल्याण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।