ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 29 November 2026

पंजाब में AAP को बड़ा झटका, चौथे विधायक ने छोड़ी पार्टी: डॉ. चरणजीत सिंह अकाली दल में शामिल; 2022 में CM चन्नी को दी थी शिकस्त

पंजाब में AAP को बड़ा झटका, चौथे विधायक ने छोड़ी पार्टी: डॉ. चरणजीत सिंह अकाली दल में शामिल; 2022 में CM चन्नी को दी थी शिकस्त

चंडीगढ़। Daily Samvad news:पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। रूपनगर जिले के चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने पार्टी से इस्तीफा देकर शिरोमणि अकाली दल (SAD) का दामन थाम लिया है। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। वह पंजाब में AAP छोड़ने वाले चौथे विधायक हैं।

डॉ. चरणजीत सिंह ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर जीत हासिल की थी। हालांकि, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए AAP ने चमकौर साहिब सीट से जसबीर सिंह गढ़ी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। इसके बाद से ही डॉ. चरणजीत सिंह पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। उन्होंने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह इस बार भी चुनाव जरूर लड़ेंगे।

टिकट कटने के बाद छोड़ी AAP, अकाली दल में हुए शामिल

AAP की ओर से जसबीर सिंह गढ़ी को टिकट दिए जाने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह के भाजपा में शामिल होने की भी चर्चाएं थीं। उनसे पहले पार्टी छोड़ने वाले तीन विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं। हालांकि, भाजपा और अकाली दल के गठबंधन के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने शिरोमणि अकाली दल का विकल्प चुना।

बोले- AAP का पूरा कंट्रोल दिल्ली के हाथ में

अकाली दल में शामिल होने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि AAP का पूरा नियंत्रण दिल्ली के हाथ में है। पार्टी में विधायकों को सम्मान नहीं मिलता।

उन्होंने दावा किया कि पिछले एक साल से वह अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री से सिर्फ दो मिनट का समय मांग रहे थे, लेकिन उन्हें मुलाकात का मौका तक नहीं दिया गया। इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।

चन्नी के साथ सांठगांठ का लगाया आरोप

डॉ. चरणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ राजनीतिक सांठगांठ की है। उनके मुताबिक, पार्टी ने चमकौर साहिब से ऐसा उम्मीदवार उतारा है जो चन्नी के मुकाबले कमजोर है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी चन्नी को चुनाव में हरा चुके हैं, इसलिए उनके खिलाफ राजनीतिक एडजस्टमेंट की गई है।

अपने प्रयासों से करोड़ों के विकास कार्य करवाने का दावा

डॉ. चरणजीत सिंह ने कहा कि उनके व्यक्तिगत प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य हुए हैं। इनमें 56 करोड़ रुपये का नहरी प्रोजेक्ट और चमकौर साहिब के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी छोड़ने वाले अन्य विधायक भी संभवतः नेतृत्व से परेशान थे।

पंजाब में AAP छोड़ने वाले चौथे विधायक

डॉ. चरणजीत सिंह से पहले AAP के तीन विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। इनमें सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप सिंह के नाम शामिल हैं। ये तीनों भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

AAP के 6 राज्यसभा सांसद भी छोड़ चुके हैं पार्टी

विधायकों के अलावा पंजाब से AAP के टिकट पर राज्यसभा पहुंचे छह सांसदों ने भी अप्रैल 2026 में पार्टी छोड़ दी थी। इनमें राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रमजीत सिंह साहनी और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं। ये सभी भाजपा में शामिल हुए थे।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में लगातार बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच डॉ. चरणजीत सिंह का अकाली दल में शामिल होना AAP के लिए एक और चुनौती माना जा रहा है।