ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 12 November 2026

Punjab News: पंजाब में AAP उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट आज हो सकती है जारी, 15 नामों पर लगेगी मुहर! CM मान होंगे दिल्ली की बैठक में शामिल

Punjab News: पंजाब में AAP उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट आज हो सकती है जारी, 15 नामों पर लगेगी मुहर! CM मान होंगे दिल्ली की बैठक में शामिल

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab AAP Candidate List 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी उम्मीदवारों की दूसरी सूची आज यानी 12 नवंबर को जारी कर सकती है।

इस संबंध में दिल्ली में शाम को अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी शामिल होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दूसरी सूची में करीब 15 उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बार कुछ मंत्रियों की विधानसभा सीटों को लेकर भी फैसला हो सकता है।

पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम किए गए थे घोषित

आम आदमी पार्टी इससे पहले 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया था। पहली सूची में पार्टी ने ज्यादातर मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया था। अब दूसरी सूची को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पहली सूची के बाद तीन नेताओं ने छोड़ी पार्टी

पहली उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद आम आदमी पार्टी को कुछ नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। टिकट को लेकर नाराजगी के बीच तीन विधायकों ने पार्टी छोड़ दी।

  • चेतन सिंह जौड़ामाजरा: समाना विधानसभा सीट से विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने 1 नवंबर 2026 को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

  • हरमीत सिंह पठानमाजरा: सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी 1 नवंबर को पार्टी छोड़ दी। इसके अगले दिन उन्होंने विधानसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया।

  • कुंवर विजय प्रताप सिंह: अमृतसर नॉर्थ से विधायक और पूर्व IPS अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने 2 नवंबर को विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया।

लालजीत सिंह भुल्लर ने चुनाव लड़ने से किया इनकार

AAP के पट्टी से विधायक लालजीत सिंह भुल्लर ने आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। वह फिलहाल जेल में बंद हैं।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

मार्च 2026 में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अमृतसर जिला प्रबंधक डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में उन पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगे थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। 23 मार्च 2026 को उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

पहली सूची में जेल में बंद मंत्री को भी मिला था टिकट

AAP की पहली सूची में कई बड़े नेताओं के नाम शामिल थे। इनमें मुख्यमंत्री भगवंत मान (धूरी), विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां (कोटकपूरा), डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी (गढ़शंकर) और जेल में बंद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा (लुधियाना वेस्ट) प्रमुख हैं।

इसके अलावा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी को बटाला से उम्मीदवार बनाया गया था।

पूर्व मंत्रियों में कुलदीप सिंह धालीवाल (अजनाला), ब्रह्म शंकर जिम्पा (होशियारपुर), डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर (अमृतसर साउथ), बलकार सिंह (करतारपुर) और कुलवंत सिंह (मोहाली) को टिकट दिया गया।

महिला उम्मीदवारों में बलजिंदर कौर (तलवंडी साबो), डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा (मोगा), इंदरजीत कौर मान (नकोदर) और संतोष कटारिया (बलाचौर) के नाम शामिल हैं।

इसके साथ ही लाभ सिंह उगोके (भदौड़), अजीतपाल सिंह कोहली (पटियाला), जगदीप कंबोज गोल्डी (जलालाबाद) और हरमीत सिंह संधू (तरनतारन) को भी उम्मीदवार घोषित किया गया था।

दूसरी सूची पर टिकी पंजाब की सियासत

दूसरी सूची में करीब 15 उम्मीदवारों के नाम आने की संभावना के बीच पंजाब की राजनीति में हलचल तेज है। खास तौर पर मंत्रियों और उन विधानसभा क्षेत्रों पर सबकी नजरें हैं, जहां पार्टी नए चेहरों को मौका दे सकती है। अब देखना होगा कि दिल्ली में होने वाली बैठक के बाद AAP की दूसरी सूची में किन नेताओं को जगह मिलती है।