Thursday, 12 November 2026
पंजाब
Punjab News: जालंधर नार्थ से मेयर वनीत धीर, सेन्ट्रल से नितिन कोहली समेत पंजाब में AAP ने 31 उम्मीदवारों का किया ऐलान, पढ़ें List
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में कई बड़े राजनीतिक चेहरों के टिकट काटे गए हैं, जबकि दो मौजूदा सांसदों और दूसरी पार्टियों से AAP में शामिल हुए नेताओं को भी चुनाव मैदान में उतारा गया है।
AAP की दूसरी सूची में सबसे ज्यादा चर्चा मौजूदा मंत्रियों और विधायकों के टिकट कटने को लेकर हो रही है। पार्टी ने मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान, अमित रतन कोटफत्ता, कुंवर विजय प्रताप, लालजीत सिंह भुल्लर, रमन अरोड़ा, कुलवंत बाजीगर और चरणजीत सिंह को इस बार उम्मीदवार नहीं बनाया है।
31 में से सिर्फ 2 मौजूदा विधायकों को दोबारा मिला टिकट
2022 के विधानसभा चुनाव में इन 31 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी ने इनमें से सिर्फ दो मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया है। इनमें बल्लुआना से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर और जगराओं से सरबजीत कौर मानुके शामिल हैं।
बाकी सीटों पर पार्टी ने नए चेहरों और दूसरे राजनीतिक दलों से आए नेताओं पर भरोसा जताया है। टिकटों में किए गए इस बदलाव को AAP की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
दो सांसदों को भी विधानसभा चुनाव में उतारा
AAP ने अपनी दूसरी सूची में दो मौजूदा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव का टिकट दिया है। संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
इसके अलावा अकाली दल छोड़कर AAP में शामिल हुए पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू को आदमपुर से टिकट दिया गया है। भाजपा छोड़कर पार्टी में आए स्वर्ण सलारिया को सुजानपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।
पंजाबी अभिनेत्री सोनिया मान को भी मिला टिकट
AAP ने पंजाबी अभिनेत्री सोनिया मान को अमृतसर जिले की राजा सांसी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। सोनिया मान 23 फरवरी 2025 को आम आदमी पार्टी में शामिल हुई थीं।
वह किसान नेता बलदेव सिंह मान की बेटी हैं। पंजाबी फिल्मों के अलावा उन्होंने हिंदी, मलयालम, तेलुगु और मराठी फिल्मों में भी काम किया है। पार्टी ने उन्हें चुनाव मैदान में उतारकर एक नए चेहरे पर दांव खेला है।
मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट कटा, रणधीर सिंह को मौका
पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को लंबी विधानसभा सीट से दोबारा टिकट नहीं दिया गया है। पार्टी ने उनकी जगह रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह खरड़ से विधायक और पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान का टिकट भी काट दिया गया है।
अनमोल गगन मान पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुकी थीं। तरनतारन जिले की पट्टी विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को भी टिकट नहीं मिला है। उन्होंने भी पहले जेल से चुनाव नहीं लड़ने की बात कही थी।

अमित रतन कोटफत्ता का भी टिकट कटा
बठिंडा रूरल से विधायक अमित रतन कोटफत्ता को भी AAP ने इस बार टिकट नहीं दिया है। अमित रतन के खिलाफ पंजाब में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज है।
इसके अलावा उनका नाम हरियाणा में ASI संदीप लाठर की आत्महत्या से जुड़े मामले में भी सामने आया था। संदीप लाठर की पत्नी की शिकायत पर दर्ज FIR में IAS अमनीत पी. कुमार, उनके भाई अमित रतन और दो अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले की जांच SIT कर रही है। इन आरोपों की जांच अभी जारी है।
पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम किए थे घोषित
आम आदमी पार्टी ने इससे पहले 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई मौजूदा विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दोबारा टिकट दिया गया था। पहली सूची में धूरी से मुख्यमंत्री भगवंत मान, कोटकपूरा से विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, गढ़शंकर से डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी और लुधियाना वेस्ट से मंत्री संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया गया था।
इसके अलावा पूर्व मंत्रियों कुलदीप सिंह धालीवाल, ब्रह्म शंकर जिम्पा, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, बलकार सिंह और कुलवंत सिंह सहित कई नेताओं के नाम शामिल थे। पहली और दूसरी सूची को मिलाकर AAP अब तक कुल 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। दूसरी सूची में बड़े स्तर पर टिकटों में बदलाव से पंजाब की चुनावी राजनीति में हलचल तेज हो गई है।