Monday, 09 November 2026
पंजाब
Punjab News: दिवाली के बाद पंजाब की हवा हुई जहरीली, मंडी गोबिंदगढ़ 382 AQI के साथ सबसे प्रदूषित शहर, जालंधर दूसरे और लुधियाना तीसरे नंबर पर
डेली संवाद, पंजाब। पंजाब में दिवाली पर जमकर हुई आतिशबाजी और पराली जलाने की घटनाओं के बाद वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सोमवार सुबह 8 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, मंडी गोबिंदगढ़ 382 AQI के साथ पंजाब का सबसे प्रदूषित शहर रहा।
जालंधर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 327 दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना 306 AQI के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इन तीनों शहरों में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेना सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
खन्ना, अमृतसर और पटियाला में भी बढ़ा प्रदूषण
पंजाब के अन्य शहरों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा। खन्ना में AQI 274, अमृतसर में 244 और पटियाला में 201 दर्ज किया गया। इन शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब रही। वहीं, चंडीगढ़ में AQI 134 दर्ज हुआ, जो पंजाब के प्रमुख प्रदूषित शहरों के मुकाबले अपेक्षाकृत बेहतर रहा।
दिवाली पर गोल्डन टेंपल में आतिशबाजी
एक तरफ जहां दिवाली के बाद प्रदूषण बढ़ने की चिंता सामने आई, वहीं पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में दिवाली का त्योहार पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। शाम होते ही लोगों ने घरों में दीप जलाए और रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट की। रात होते ही आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हो गया और आसमान रंगीन रोशनी से जगमगा उठा।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में भी दिवाली के अवसर पर आतिशबाजी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मौजूद रहे।
नेताओं ने परिवार के साथ मनाई दिवाली
पंजाब की कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर, कांग्रेस सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग तथा कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने अपने परिवारों के साथ दिवाली मनाई।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी से BJP सांसद कंगना रनोट भी दिवाली सेलिब्रेशन के दौरान हाथ में फूलझड़ी जलाती और घूमती नजर आईं।
प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
दिवाली के बाद बढ़े वायु प्रदूषण को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचना चाहिए। सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।