Friday, 18 September 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में ASI की हत्या से हड़कंप, नाइट ड्यूटी के दौरान बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, अस्पताल में तोड़ा दम
डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब के अमृतसर (Amritsar) में ड्यूटी के दौरान पंजाब पुलिस (Punjab Police) के ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, थाना गेट हकीमा के अंतर्गत भगतांवाला दाना मंडी के पास देर रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच बाइक सवार दो हमलावरों ने ASI पर फायरिंग की। हमले में उन्हें तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई।
बाइक सवार हमलावरों ने किया हमला
ASI हरजीत सिंह तरनतारन के रहने वाले थे और थाना गेट हकीमा के साथ तैनात थे। रिपोर्टों के मुताबिक, वह PCR ड्यूटी के दौरान दाना मंडी इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने कथित तौर पर उन पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए।
फायरिंग में ASI हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
TTH ने ली जिम्मेदारी का दावा
हमले के बाद तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) नाम के संगठन की ओर से वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
इससे पहले 11 सितंबर को अमृतसर के अजनाला इलाके में ASI जसवंत सिंह पर फायरिंग हुई थी। उस मामले में भी इसी संगठन की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया था।
CM भगवंत मान ने किया 1 करोड़ रुपये की सहायता का ऐलान
घटना पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शोक जताया है। रिपोर्टों के अनुसार, सरकार ने शहीद ASI के परिवार को 1 करोड़ रुपये की एक्स-ग्रेशिया राशि देने की घोषणा की है। HDFC बैंक की ओर से भी परिवार को 1 करोड़ रुपये का चेक दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
अमृतसर में पुलिसकर्मियों पर लगातार हमले
अमृतसर में हाल के दिनों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले ASI जसवंत सिंह पर हमला हुआ था, जबकि ASI जोग सिंह की हत्या का मामला भी सामने आया था। हरजीत सिंह की हत्या ने पुलिस महकमे और इलाके में चिंता बढ़ा दी है।