ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 17 September 2026

Punjab News: पंजाब में होटल मालिक पर नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश, घुमाने के बहाने होटल ले गया; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Punjab News: पंजाब में होटल मालिक पर नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश, घुमाने के बहाने होटल ले गया; पुलिस ने किया गिरफ्तार

डेली संवाद, अमृतस​र। Punjab News: अमृतसर में गोल्डन टेंपल के नजदीक एक होटल संचालक पर 13 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगा है। पुलिस ने नाबालिग की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस (Police) के अनुसार, मामले में POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी की पहचान प्रथम अरोड़ा उर्फ गर्व के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोल्डन टेंपल के पास शौर्य-इन होटल का संचालक है।

सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई बातचीत

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, नाबालिग लड़की की करीब 10 दिन पहले सोशल मीडिया के जरिए एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी। आरोप है कि युवक ने पहले उसे मैसेज भेजकर उसका नाम और घर का पता पूछने की कोशिश की।

लड़की ने शुरुआत में उसके मैसेज का जवाब नहीं दिया। शिकायत के मुताबिक, इसके बावजूद युवक लगातार उसे मैसेज करता रहा।

ट्यूशन सेंटर के बाहर मिला आरोपी

लड़की ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 15 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपी उसे उसके ट्यूशन सेंटर के बाहर मिला। आरोप है कि युवक ने उसे घूमने चलने के लिए कहा।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

लड़की के अनुसार, पहले उसने जाने से इनकार किया, लेकिन युवक के दबाव डालने और वापस छोड़ने की बात कहने के बाद वह उसकी स्कूटी पर बैठ गई।

होटल के कमरे में ले जाकर छेड़छाड़ का आरोप

शिकायत के अनुसार, आरोपी लड़की को सुल्तानविंड गेट के अंदर स्थित एक होटल में ले गया। वहां एक कमरे में ले जाकर उसने कथित तौर पर लड़की के साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म करने की कोशिश की।

लड़की के मुताबिक, उसने आरोपी का विरोध किया, जिसके बाद वह कथित तौर पर दुष्कर्म करने में सफल नहीं हो सका।

गोल्डन टेंपल के पास छोड़कर चला गया

लड़की ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी उसे स्कूटी पर बैठाकर शाम करीब 6 बजे गोल्डन टेंपल के पास चूड़े वाला बाजार में छोड़कर चला गया।

इसके बाद लड़की घबराई हुई हालत में अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया। परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

नाबालिग की शिकायत पर थाना डिवीजन-B, अमृतसर पुलिस ने 16 सितंबर को FIR दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

ADCP सिटी-3 मनमोहन सिंह के अनुसार, मामले में POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के दौरान सोशल मीडिया पर हुई बातचीत, घटनाक्रम और होटल से संबंधित तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। नाबालिग की पहचान और उसकी निजी जानकारी कानून के तहत गोपनीय रखी जा रही है।