Thursday, 24 September 2026
पंजाब
Punjab News: आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हंगामा, युवती से मारपीट का वीडियो वायरल; जाने पूरा मामला
डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: अमृतसर में धार्मिक समागम में आने वाली संगत को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली होटल कर्मी युवती से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
युवती के दोस्त हनी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट करने की बात सामने आई है। वहीं, मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
युवती ने सोशल मीडिया पर बनाया था वीडियो
जानकारी के अनुसार, होटल में काम करने वाली युवती कोमल ने 21 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में उसने अमृतसर के गुरुद्वारा शहीदा साहिब में होने वाले चुपेहरा समागम में आने वाले युवक-युवतियों के बारे में टिप्पणी की थी।
युवती ने वीडियो में आरोप लगाया था कि समागम में आने वाले कुछ लोग होटल में कमरा लेने के लिए पैसे देने की बात कर रहे थे। उसके वीडियो के वायरल होने के बाद इस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
दोस्त ने चोरी का लगाया आरोप
वहीं, युवती के साथ मारपीट करने वाले युवक हनी ने उसके खिलाफ मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगाया है। हनी के मुताबिक, पहले उसकी कोमल के साथ दोस्ती थी और उसकी बहन ने ही कोमल को होटल में काम दिलवाया था।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
हनी का आरोप है कि वह अमृतसर के जलेबियां वाला चौक स्थित एक निजी होटल में ठहरा था। इसी दौरान कोमल भी होटल में मौजूद थी और कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया।
CCTV के आधार पर कार्रवाई का दावा
हनी के अनुसार, मोबाइल फोन गायब होने के बाद होटल की CCTV फुटेज चेक की गई, जिसमें कोमल के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की बात सामने आई। इसके बाद उसे पकड़ा गया और उसके साथ मारपीट की गई।
मारपीट के वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं भी युवती के साथ कथित तौर पर मारपीट करती नजर आ रही हैं। हनी ने बताया कि इनमें से एक महिला उसकी पत्नी, दूसरी भाभी और तीसरी बहन है। हालांकि, मोबाइल चोरी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना डिवीजन बी की SHO किरणप्रीत सिंह ने कहा कि मारपीट का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो सामने आने के बाद निहंग सिंहों की ओर से भी इस पर आपत्ति जताई गई। निहंग परमजीत सिंह अकाली ने कहा कि धार्मिक स्थल और वहां आने वाली संगत के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
निहंग सिंहों ने जताई आपत्ति
उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति की कोई गलत गतिविधि सामने आती है तो उसके बारे में व्यक्तिगत तौर पर बात की जा सकती है, लेकिन पूरी संगत को लेकर टिप्पणी करना सही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल के आसपास गलत गतिविधियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन ऐसे मामलों में पूरी संगत को लेकर सामान्य टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, मोबाइल चोरी के आरोप और मारपीट की घटना समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।