ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 25 September 2026

Punjab News: AAP सरपंच से दिनदहाड़े झपटमारी, दोनों कानों से बालियां खींचकर फरार हुए बदमाश

Punjab News: AAP सरपंच से दिनदहाड़े झपटमारी, दोनों कानों से बालियां खींचकर फरार हुए बदमाश

डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: अमृतसर (Amritsar) जिले के गांव सैदोलाहल में दिनदहाड़े महिला सरपंच से सोने की बालियां झपटने का मामला सामने आया है।

बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने आम आदमी पार्टी (AAP) की मौजूदा महिला सरपंच अमरजीत कौर को बातों में उलझाकर उनके दोनों कानों से सोने की बालियां झपट लीं और मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

पोती से सरपंच को बाहर बुलाने के लिए कहा

पीड़ित सरपंच अमरजीत कौर के अनुसार, घटना के समय वह घर के अंदर थीं, जबकि उनकी पोती बाहर एक्टिवा साफ कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके घर के बाहर आकर रुके।

आरोपियों ने उनकी पोती से सरपंच को बाहर बुलाने के लिए कहा। जैसे ही अमरजीत कौर घर से बाहर आईं, एक आरोपी मोटरसाइकिल के पास खड़ा रहा, जबकि दूसरा उनसे बातचीत करने लगा।

घर पूछने और मुर्गियों के बहाने बातों में उलझाया

अमरजीत कौर ने बताया कि आरोपी ने उनसे किसी का घर पूछने और मुर्गियों के बारे में बातचीत शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर अचानक उनके कानों पर झपट्टा मारा और दोनों कानों से सोने की बालियां खींच लीं। झपटमारी के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर फरार होने लगा।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

वारदात के दौरान अमरजीत कौर ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। उन्होंने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन धक्का-मुक्की के दौरान वह अपना संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर गईं। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

झपटमारी की यह घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों के हुलिए और उनके द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR नंबर 113 दर्ज की गई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

ग्रामीणों ने गश्त बढ़ाने की मांग की

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद गांव के लोगों में भी चिंता का माहौल है। पीड़िता और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है।