ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 04 October 2026

Punjab News: नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: 6 इलाकों में ताबड़तोड़ रेड, 78 संदिग्ध हिरासत में

Punjab News: नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: 6 इलाकों में ताबड़तोड़ रेड, 78 संदिग्ध हिरासत में

डेली संवाद, बरनाला। Punjab News: पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बरनाला पुलिस ने रविवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मोहम्मद सरफराज आलम के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सुबह करीब 5 बजे जिले के 10 चिन्हित नशा तस्करी वाले इलाकों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस ने कुल 78 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जबकि मौके से मिले सबूतों के आधार पर 10 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं।

10 इलाकों में एक साथ पुलिस की रेड

बरनाला पुलिस के इस विशेष अभियान के तहत बरनाला शहर, तपा, फरवाही, शेखा, वजीदके और छीनीवाल समेत 10 चिन्हित इलाकों में एक साथ दबिश दी गई। पुलिस की बड़ी संख्या में टीमें सुबह-सुबह ही संबंधित क्षेत्रों में पहुंचीं और संदिग्ध व्यक्तियों तथा ठिकानों की तलाशी ली।

एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि अभियान के दौरान 78 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

10 आरोपियों पर NDPS Act के तहत केस

पुलिस के मुताबिक तलाशी अभियान के दौरान मिले सबूतों के आधार पर 10 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

पुलिस अब इन मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में चला ऑपरेशन

इस बड़े तलाशी अभियान में एसपी (डी) संजीव गोयल, एसपी बालकृष्ण सिंगला सहित जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने चिन्हित इलाकों में एक साथ कार्रवाई कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

नशे के आदी लोगों का कराया जाएगा पुनर्वास

एसएसपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में कुछ ऐसे व्यक्ति भी सामने आए हैं जो नशे की बिक्री में शामिल होने के बजाय खुद गंभीर रूप से नशे के आदी हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून और सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि नशे के आदी लोगों को इलाज और पुनर्वास की दिशा में भी मदद दी जाएगी, ताकि उन्हें नशे की लत से बाहर निकाला जा सके।

नशे के खात्मे तक जारी रहेगा अभियान

एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने नशा तस्करों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बरनाला जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी। आने वाले दिनों में भी चिन्हित स्थानों पर औचक छापेमारी और तलाशी अभियान चलाए जाएंगे।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे के अवैध कारोबार में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही जिले को नशा मुक्त बनाने की मुहिम को सफल किया जा सकता है।