Saturday, 07 November 2026
राजनीति
Punjab News: पंजाब में बीबी जागीर कौर की अकाली दल में वापसी तय! सियासी गलियारे में हलचल तेज
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) अपने पुराने और नाराज नेताओं को दोबारा पार्टी में लाने की कोशिशों में जुटा हुआ है।
इसी बीच अब वरिष्ठ अकाली नेता और SGPC की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर की पार्टी में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा की अकाली दल में वापसी के बाद बीबी जागीर कौर का नाम सामने आने से पंजाब की पंथक राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यदि उनकी वापसी होती है तो आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिल सकती है।
प्रेम सिंह चंदूमाजरा के बाद अब बीबी जागीर कौर की बारी?
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल अपने पुराने नेताओं को एकजुट करने में जुटा है। हाल ही में वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा की पार्टी में वापसी हुई है। अब बीबी जागीर कौर की घर वापसी की संभावनाओं ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
सूत्रों के अनुसार, बीबी जागीर कौर जल्द ही शिरोमणि अकाली दल में दोबारा शामिल हो सकती हैं। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
'दिल से आज भी अकाली हूं', बयान से मिले थे संकेत
बीबी जागीर कौर की अकाली दल में वापसी को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। हाल ही में एक टीवी इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पार्टी में वापस लौटने के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि वह 'दिल से आज भी अकाली हैं।'
उनके इस बयान को मुख्य अकाली दल में वापसी के संकेत के तौर पर देखा गया। हालांकि, इस संबंध में उनकी ओर से अभी तक कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है।
SAD (पुनर सुरजीत) गुट को लग सकता है बड़ा झटका
बीबी जागीर कौर यदि शिरोमणि अकाली दल में वापसी करती हैं तो इससे विद्रोही गुट SAD (पुनर सुरजीत) को बड़ा राजनीतिक झटका लग सकता है।
इससे पहले भी इस गुट से कई प्रमुख नेताओं के अलग होने की खबरें सामने आई थीं। इनमें सुरजीत सिंह रखड़ा, मनप्रीत सिंह अयाली, बरजिंदर सिंह बराड़, चरणजीत सिंह बराड़ और इकबाल सिंह झुंदन के नाम शामिल हैं।
ऐसे में बीबी जागीर कौर की संभावित वापसी अकाली राजनीति में नए समीकरण पैदा कर सकती है।
दोआबा में अकाली दल को मिल सकता है फायदा
बीबी जागीर कौर पंजाब की वरिष्ठ महिला अकाली नेताओं में गिनी जाती हैं। वह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की पहली महिला अध्यक्ष रह चुकी हैं। दोआबा क्षेत्र में उनकी राजनीतिक और धार्मिक पहचान को महत्वपूर्ण माना जाता है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, उनकी वापसी से अकाली दल को दोआबा क्षेत्र में अपना आधार मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बीबी जागीर कौर कब अपने अगले राजनीतिक कदम का ऐलान करती हैं। क्या विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल अपने पुराने नेताओं को एक मंच पर लाने में सफल होगा? यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।