Monday, 17 August 2026
पंजाब
Punjab News: BJP की नई टीम में पंजाब का दबदबा, मनप्रीत बादल समेत इन नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई राष्ट्रीय टीम में पंजाब और चंडीगढ़ से जुड़े तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सौदान सिंह को राष्ट्रीय सहमहामंत्री और तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की नई टीम में पंजाब (Punjab) को खास तवज्जो मिलने के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। मनप्रीत बादल नई टीम में इकलौते सिख चेहरे के तौर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे।
मनप्रीत बादल बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल का राजनीतिक सफर अकाली दल से शुरू हुआ था। वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। अकाली दल से अलग होने के बाद उन्होंने पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब (PPP) बनाई थी। बाद में वर्ष 2016 में उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया।
वर्ष 2017 में पंजाब में कांग्रेस सरकार बनने के बाद मनप्रीत बादल को वित्त मंत्री बनाया गया। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद 18 जनवरी 2023 को वह नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा में शामिल हुए थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।



तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी
पंजाब के अमृतसर से ताल्लुक रखने वाले तरुण चुघ को भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया है। वह वर्तमान में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। जून 2026 में उन्हें निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुना गया था और 29 जून 2026 को उन्होंने सांसद के रूप में शपथ ली। तरुण चुघ ने राजनीति में आने से पहले RSS और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ काम किया।
इसके बाद वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) से जुड़े और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई। पंजाब भाजपा में भी उन्होंने कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालीं। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर उनकी भूमिका बढ़ती गई। वह भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे और वर्ष 2020 में उन्हें राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली। अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में उन्हें पार्टी का प्रभारी भी बनाया गया।
सौदान सिंह को राष्ट्रीय सहमहामंत्री बनाया
RSS से लंबे समय से जुड़े सौदान सिंह को भाजपा संगठन में राष्ट्रीय सहमहामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वह पिछले दो दशकों से अधिक समय से भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम कर रहे हैं।
सौदान सिंह के पास पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में भाजपा संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियां भी रही हैं। पार्टी संगठन और नेताओं के बीच समन्वय के लिहाज से चंडीगढ़ को उनकी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले BJP का बड़ा संगठनात्मक संदेश
भाजपा की नई टीम में पंजाब से तीन नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मनप्रीत बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर पार्टी ने सिख चेहरे को राष्ट्रीय संगठन में प्रमुख स्थान दिया है, जबकि तरुण चुघ और सौदान सिंह को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।
नई नियुक्तियों के बाद पंजाब में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।