ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 07 September 2026

Punjab News: BJP नेता और AAP पार्षद आमने-सामने, VIDEO में कॉलर पकड़कर घसीते और चाकू दिखाता युवक आया नजर

Punjab News: BJP नेता और AAP पार्षद आमने-सामने, VIDEO में कॉलर पकड़कर घसीते और चाकू दिखाता युवक आया नजर

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ में BJP युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोहित और वार्ड नंबर 24 से आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद जसवीर लाडी के बीच झड़प का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है।

वहीं, पुलिस ने इस मामले में पार्षद जसवीर लाडी और उनके साथी अशोक के खिलाफ केस दर्ज किया है। BJP नेता मोहित ने पार्षद जसवीर लाडी पर उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज करने और कॉलर पकड़कर सड़क पर घसीटने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पार्षद ने उनके हाथ से BJP का झंडा छीनकर जमीन पर फेंक दिया।

BJP नेता ने लगाए गंभीर आरोप

मोहित ने अपनी मां के साथ भी हाथापाई किए जाने का आरोप लगाया है। मोहित के मुताबिक, वह रविवार शाम एक ब्लड कैंप में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान विवाद हुआ। घटना के वक्त उनके दोस्तों ने कथित तौर पर पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

मोहित का कहना है कि वीडियो में घटनाक्रम साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने पुलिस से वीडियो के आधार पर जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Clash between bjp leader mohit and aap councillor jasveer ladi in Chandigrah .jpg

BJP युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष बनने के बाद विवाद का आरोप

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान एक युवक हाथ में चाकू दिखाता हुआ नजर आया। मोहित के मुताबिक, यह युवक पार्षद जसवीर लाडी के साथ आया था।

मोहित ने आरोप लगाया कि जब से वह BJP युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बने हैं, तभी से इलाके के पार्षद जसवीर लाडी उनसे नाराज चल रहे हैं। इसी रंजिश के चलते उनके साथ विवाद किया गया। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और सामने आए वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।

पार्षद जसवीर लाडी ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी तरफ AAP पार्षद जसवीर लाडी ने BJP नेता के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि विवाद की शुरुआत उनकी तरफ से नहीं हुई। लाडी के मुताबिक, पहले मोहित और उनके साथ मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू की।

इसके बाद उन्होंने भी जवाब में मारपीट की। पार्षद ने कहा कि घटना को केवल एक पक्ष की ओर से दिखाया जा रहा है, जबकि विवाद की शुरुआत कैसे हुई, यह पुलिस जांच का विषय है।

दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत

पुलिस स्टेशन 31 के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा ने बताया कि सबसे पहले BJP युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोहित की शिकायत पुलिस को मिली थी। शिकायत के मुताबिक, मोहित अपने दोस्तों के साथ BJP का झंडा लेकर खड़े थे। इसी दौरान इलाके के पार्षद जसवीर लाडी वहां पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।

मोहित ने विरोध किया तो आरोप है कि पार्षद ने उनका कॉलर पकड़कर घसीटना शुरू कर दिया और उनके हाथ से BJP का झंडा छीनकर जमीन पर फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना का वीडियो पुलिस को मिल चुका है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पार्षद जसवीर लाडी की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है।

पार्षद और उसके साथी पर केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में AAP पार्षद जसवीर लाडी और उनके साथी अशोक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दोनों पक्षों के आरोपों, वीडियो फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल इस राजनीतिक विवाद के बाद चंडीगढ़ में BJP और AAP नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। पुलिस जांच के बाद ही झड़प की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।