Monday, 09 November 2026
पंजाब
Punjab News: चंडीगढ़ पहुंचा 261 करोड़ की ठगी का पैसा? चुनाव में खर्च करने की तैयारी, पंजाब के सीनियर IPS अधिकारी से जुड़े तार, ED की जांच में बड़े नेताओं और पुलिस अधिकारियों के नाम आए सामने
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: अमेरिकी नागरिकों से 261 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब चंडीगढ़ के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों तक पहुंचती दिखाई दे रही है। सेक्टर-50 निवासी चेतन मुंजाल की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी से हासिल की गई रकम चंडीगढ़ में किन-किन लोगों तक पहुंची और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान शहर के कई नेताओं और पुलिस अधिकारियों के साथ चेतन मुंजाल के संपर्कों की जानकारी सामने आई है। ईडी इन संपर्कों और कथित वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है। सूत्रों का दावा है कि जांच एजेंसी आने वाले दिनों में कुछ नेताओं और अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुला सकती है।
जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि ठगी से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल चंडीगढ़ के आगामी नगर निगम चुनाव में फंडिंग के लिए किया जाना था। हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है और किसी राजनीतिक व्यक्ति की संलिप्तता आधिकारिक रूप से साबित नहीं हुई है।
चेतन मुंजाल की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा जांच का दायरा
हैदराबाद में फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटरों के जरिए अमेरिकी नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में ईडी ने चेतन मुंजाल को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी अब उसके कथित राजनीतिक और प्रशासनिक संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब के एक वरिष्ठ IPS अधिकारी के साथ भी चेतन मुंजाल की बातचीत के संकेत मिले हैं। ईडी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन संपर्कों के जरिए किसी तरह का आर्थिक लेनदेन हुआ था या नहीं।
काला घोड़ा रेस्टोरेंट में भी ट्रांसफर हुए 23.19 लाख रुपये
जांच में सेक्टर-26 स्थित काला घोड़ा रेस्टोरेंट का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि चेतन मुंजाल इस रेस्टोरेंट में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है।
ईडी की जांच के मुताबिक, ठगी की रकम में से 23.19 लाख रुपये इस रेस्टोरेंट में भी ट्रांसफर किए गए थे। अब एजेंसी इस रकम के स्रोत, ट्रांसफर के तरीके और इसके इस्तेमाल की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
चेतन मुंजाल के एक बड़ी राजनीतिक पार्टी से जुड़े होने की भी चर्चा है। इसके अलावा उसका नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी जोड़ा जाता रहा है। हालांकि, इन सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
549 अमेरिकी नागरिकों से 261 करोड़ रुपये की ठगी
ईडी की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने भारत में फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर चलाकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाया था। आरोपी खुद को अमेरिकी सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे।
वे पीड़ितों को बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन और फर्जी खरीदारी का हवाला देकर गिरफ्तारी की धमकी देते थे। इसके बाद नकदी, सोना, गिफ्ट कार्ड और बैंक खातों के माध्यम से उनसे पैसे वसूले जाते थे।
जांच के अनुसार, इस नेटवर्क ने 549 अमेरिकी नागरिकों को ठगी का शिकार बनाया। आरोपियों ने 6,463 अमेरिकी फोन नंबरों पर संपर्क किया और करीब 27.39 मिलियन डॉलर यानी लगभग 261 करोड़ रुपये की ठगी की।
क्रिप्टोकरेंसी और हवाला के जरिए ठिकाने लगाई रकम
ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी से हासिल रकम को क्रिप्टोकरेंसी और हवाला के माध्यम से इधर-उधर किया जाता था। अब एजेंसी इस पूरे मनी ट्रेल को खंगाल रही है।
जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि ठगी की रकम किन लोगों और संस्थानों तक पहुंची, चंडीगढ़ में इसका इस्तेमाल कहां होना था और क्या इस पैसे का इस्तेमाल आगामी नगर निगम चुनाव की फंडिंग में किया जाना था। आने वाले दिनों में ईडी की पूछताछ और जांच से इस पूरे मामले में कई नए खुलासे होने की संभावना है।