ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 10 September 2026

Punjab News: JE के 10 पदों पर भर्ती: इंजीनियरिंग विभाग के पेंडिंग काम होंगे तेज, ₹1.12 लाख तक सैलरी

Punjab News: JE के 10 पदों पर भर्ती: इंजीनियरिंग विभाग के पेंडिंग काम होंगे तेज, ₹1.12 लाख तक सैलरी

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग में लंबे समय से खाली पड़े जूनियर इंजीनियर (JE) के 10 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभाग ने इन पदों को डेपुटेशन के आधार पर भरने के लिए वैकेंसी सर्कुलर जारी किया है। इसमें JE सिविल के 5 और JE पब्लिक हेल्थ के 5 पद शामिल हैं।

इन पदों पर नियुक्तियां होने से चंडीगढ़ में चल रहे और लंबित विकास कार्यों की निगरानी में तेजी आने की उम्मीद है। विभाग के मुताबिक, नियुक्ति सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के लेवल-6 के तहत होगी। चयनित कर्मचारियों को 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा।

एक साल के लिए होगी डेपुटेशन पर नियुक्ति

चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अनुसार, JE पदों पर डेपुटेशन के आधार पर नियुक्ति शुरुआती तौर पर एक साल के लिए की जाएगी।

विभागीय जरूरत और प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुसार डेपुटेशन की अवधि आगे बढ़ाई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर संबंधित कर्मचारी की डेपुटेशन अवधि अधिकतम पांच साल तक बढ़ाई जा सकती है।

खाली पदों से विकास कार्यों की निगरानी प्रभावित

इंजीनियरिंग विभाग में जूनियर इंजीनियर की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। JE अधिकारियों के जिम्मे सड़कों, सरकारी भवनों, पानी और सीवरेज से जुड़े विकास कार्यों की साइट निगरानी सहित निर्माण कार्यों की जांच और तकनीकी निरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण काम होते हैं।

लंबे समय से पद खाली होने के कारण विभागीय कामकाज और विभिन्न प्रोजेक्ट की निगरानी पर असर पड़ रहा था। अब 10 JE की नियुक्ति होने के बाद पेंडिंग फाइलों, निर्माण कार्यों की जांच और साइट से जुड़े मामलों को तेजी से निपटाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे लोगों से जुड़े सिविल इंजीनियरिंग और पब्लिक हेल्थ के विकास कार्यों को भी गति मिलने की संभावना है।

JE सिविल और पब्लिक हेल्थ के 5-5 पद

विभाग ने जारी वैकेंसी सर्कुलर में 10 पदों को दो श्रेणियों में बांटा है।

JE (Civil): 5 पद

JE (Public Health): 5 पद

JE सिविल पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री आवश्यक है।

डेपुटेशन के लिए केंद्र या राज्य सरकार, PSU, अर्ध-सरकारी संस्थान, स्वायत्त संस्थान या वैधानिक संस्थाओं में समान पद पर नियमित रूप से कार्यरत कर्मचारी पात्र होंगे।

8 अक्टूबर तक भेजना होगा आवेदन

इन पदों के लिए इच्छुक कर्मचारियों को अपने संबंधित विभाग के माध्यम से आवेदन भेजना होगा। आवेदन 30 दिन के भीतर और अधिकतम 8 अक्टूबर 2026 तक भेजे जा सकते हैं। आवेदन के साथ उम्मीदवारों को पिछले पांच वर्षों की प्रमाणित ACR/APAR की प्रतियां भी जमा करनी होंगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधूरे आवेदन या जरूरी दस्तावेजों एवं शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र के बिना भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

आवेदन वापस नहीं ले सकेंगे कर्मचारी

डेपुटेशन पर नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी रखी गई है कि आवेदन जमा करने के बाद वे अपनी उम्मीदवारी वापस नहीं ले सकेंगे। चयन प्रक्रिया विभाग की ओर से जारी नियमों और पात्रता शर्तों के अनुसार पूरी की जाएगी।

विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग में JE के 10 पदों पर नियुक्ति से विभाग की तकनीकी क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है। खासतौर पर सड़क, भवन, पानी और सीवरेज से जुड़े प्रोजेक्टों की साइट पर निगरानी और गुणवत्ता जांच में इससे मदद मिल सकती है।

लंबित कार्यों की मॉनिटरिंग बेहतर होने के साथ विभागीय फाइलों और तकनीकी मामलों के निपटारे में भी तेजी आने की उम्मीद है।