ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 25 September 2026

Punjab News: हेड कांस्टेबल की हत्या से सनसनी, सिर में लगी गोली; नाबालिग बेटे से पूछताछ जारी

Punjab News: हेड कांस्टेबल की हत्या से सनसनी, सिर में लगी गोली; नाबालिग बेटे से पूछताछ जारी

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में शुक्रवार सुबह एक हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय नितिन के रूप में हुई है, जो पुलिस हेडक्वार्टर सेक्टर-9 की अकाउंट ब्रांच में तैनात थे। नितिन के सिर में गोली लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा बरामद किया है।

घटना के बाद पुलिस (Police) ने मृतक के नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में बेटे ने पुलिस को बताया था कि कोई बाहरी व्यक्ति घर में आया और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसके बयान में विरोधाभास सामने आया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गोली की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया

घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पड़ोसियों के अनुसार, नितिन के घर से पहले काफी शोर-शराबे और विवाद की आवाजें आ रही थीं। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। नितिन घायल हालत में बेड पर मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटे ने लगाया बाहरी व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद नितिन के नाबालिग बेटे से पूछताछ की गई। बेटे ने शुरुआती बयान में दावा किया कि कोई दूसरा व्यक्ति घर में आया था और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

पुलिस ने जब घटना को लेकर दोबारा पूछताछ की तो उसके बयान में कथित तौर पर विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नितिन को गोली किसने मारी और वारदात के पीछे क्या वजह थी।

वारदात के समय घर में मां और बेटा थे मौजूद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, वारदात के समय घर में नितिन की पत्नी और उनका नाबालिग बेटा मौजूद थे। पुलिस दोनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

घटनास्थल से मिले देसी कट्टे की भी जांच की जा रही है। पुलिस फोरेंसिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गोलीकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पड़ोसियों ने बताया- घर में चल रहा था विवाद

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से नितिन के घर में विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह भी घर से झगड़े और शोर की आवाजें सुनाई दी थीं।

इसके कुछ समय बाद गोली चलने की आवाज आई। पुलिस अब पड़ोसियों समेत परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से पहले घर में क्या हुआ था, इसका पता लगाया जा सके।

नाबालिग का मनीमाजरा में थार से टक्कर का मामला भी

पुलिस के मुताबिक, नितिन के नाबालिग बेटे से जुड़ा मनीमाजरा में थार गाड़ी से टक्कर का एक पुराना मामला भी सामने आया है। पुलिस इस मामले की भी जानकारी जुटा रही है।

जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि क्या इस पुराने मामले का शुक्रवार सुबह हुए गोलीकांड से कोई संबंध है या दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं।

SSP कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। SSP कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से जांच की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया है और घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

फिलहाल नाबालिग से पूछताछ, फोरेंसिक साक्ष्यों और परिवार के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हेड कांस्टेबल नितिन की हत्या किसने और किस वजह से की।