ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 17 September 2026

Punjab News: ठेके के बाहर अचानक धमाका, एक्टिवा सवार युवकों ने फेंकी संदिग्ध वस्तु; ग्राहकों में मची भगदड़

Punjab News: ठेके के बाहर अचानक धमाका, एक्टिवा सवार युवकों ने फेंकी संदिग्ध वस्तु; ग्राहकों में मची भगदड़

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ के खुड्डा अलीशेर इलाके में शराब ठेके के बाहर धमाके की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, दो युवक एक्टिवा पर सवार होकर ठेके के बाहर पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने सर्विस विंडो की तरफ एक वस्तु फेंकी। वस्तु कथित तौर पर ठेके के अंदर जाने के बजाय बाहर ग्राहकों के पास गिर गई और इसके बाद धमाका हो गया।

धमाके के समय ठेके के बाहर शराब खरीदने के लिए कई लोग मौजूद थे। तेज आवाज के बाद वहां अफरातफरी मच गई और लोग मौके से दूर भागने लगे। घटना के बाद एक्टिवा सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि फेंकी गई वस्तु क्या थी और धमाका किस वजह से हुआ। पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि वस्तु बम या कोई विस्फोटक ही थी।

सर्विस विंडो को बनाया निशाना

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, घटना 14 सितंबर की शाम करीब 6:47 से 6:50 बजे के बीच हुई। दोनों युवक एक्टिवा पर सवार होकर खुड्डा अलीशेर स्थित शराब ठेके के बाहर पहुंचे।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

आरोप है कि एक्टिवा पर पीछे बैठे युवक ने ठेके की सर्विस विंडो को निशाना बनाकर एक वस्तु अंदर फेंकने की कोशिश की। हालांकि, वस्तु विंडो के अंदर जाने के बजाय बाहर ग्राहकों के पैरों के पास गिर गई। कुछ ही देर बाद तेज धमाका हुआ और ठेके के बाहर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वारदात के बाद दोनों युवक एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गए।

मैनेजर ने 112 पर दी सूचना

धमाके के तुरंत बाद शराब ठेके के मैनेजर वरिंदर सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद सेक्टर-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि एक्टिवा सवार दोनों युवकों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

5 दिन पहले ठेके की वीडियो बनाती दिखी महिला

जांच के दौरान ठेका संचालक की ओर से पुलिस को एक अन्य CCTV फुटेज भी सौंपी गई है। संचालक के अनुसार, 9 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात महिला शराब ठेके के बाहर मोबाइल फोन से वीडियो बनाती हुई दिखाई दी थी। ठेका संचालक गौरव कुमार ने यह फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई है।

फुटेज में महिला ठेके के बाहर खड़ी होकर मोबाइल से परिसर की रिकॉर्डिंग करती नजर आ रही है। अब पुलिस महिला की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किस उद्देश्य से ठेके की वीडियो बना रही थी।

क्या महिला की वीडियो बनाने की घटना से कोई संबंध?

ठेका संचालक ने पुलिस से महिला की गतिविधियों की भी जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि महिला किसी जानकारी या रेकी के उद्देश्य से वहां वीडियो बना रही थी या उसके वहां आने का कोई दूसरा कारण था।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि 9 सितंबर को महिला द्वारा वीडियो बनाए जाने और 14 सितंबर को हुए धमाके के बीच कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है।

हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस के सामने फिलहाल घटना के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित हमलावरों का उद्देश्य ठेके को नुकसान पहुंचाना था, वहां मौजूद लोगों को डराना था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौके से मिली वस्तु की प्रकृति और धमाका किस कारण हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि वस्तु वास्तव में विस्फोटक थी या नहीं।

DSP बोले- जांच जारी

DSP सेंट्रल SPS सौंधी ने बताया कि पुलिस ने गुरुवार को भी घटनास्थल के बाहर जांच की है। फिलहाल जांच पूरी होने से पहले घटना के संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है।

ठेका संचालक ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की

घटना के बाद शराब ठेका संचालक ने मैनेजर और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।संचालक ने ठेके के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने, रात के समय विशेष निगरानी रखने और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच करने का आग्रह किया है।

पुलिस अब CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर एक्टिवा सवार दोनों युवकों की पहचान करने में जुटी है। घटना के पीछे की वजह और फेंकी गई वस्तु की वास्तविक प्रकृति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।