Monday, 10 August 2026
पंजाब
Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून की फिर दस्तक, तीन जिलों में येलो अलर्ट; चंडीगढ़ में भी बारिश के आसार
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे पंजाब के तीन जिलों होशियारपुर, पठानकोट और रूपनगर के कुछ इलाकों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश होने की संभावना
वहीं, चंडीगढ़ में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। रविवार को बारिश नहीं होने के कारण पंजाब में गर्मी और उमस बढ़ गई। प्रदेश के औसत तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया।
श्री आनंदपुर साहिब में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, राज्य के 17 जिलों में बारिश बेहद कम हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल से बना कम दबाव का क्षेत्र अब झारखंड की ओर बढ़ गया है और धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की तरफ आगे बढ़ रहा है। इसी बीच जयपुर के उत्तर में एक और कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है।
कम दबाव का क्षेत्र विकसित
दोनों मौसम प्रणालियों को जोड़ने वाली ट्रफ लाइन दिल्ली से होते हुए राजस्थान की ओर खिसक गई है। मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पश्चिमी तट पर भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
गोवा से केरल तक तेज बारिश हो सकती है। इसके पीछे तेज सोमाली जेट स्ट्रीम का प्रभाव भी बताया जा रहा है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पहाड़ी राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।