Thursday, 13 August 2026
पंजाब
Punjab Weather Update: पंजाब में गर्मी के कहर के बीच राहत की खबर: 14 अगस्त से भारी बारिश का अलर्ट
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 14 से 18 अगस्त के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, 13 अगस्त के लिए कोई विशेष बारिश चेतावनी नहीं है, लेकिन सभी जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
छिटपुट बारिश के आसार
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य इलाकों में छिटपुट बारिश के आसार हैं।
बुधवार को बारिश नहीं होने के कारण पंजाब के तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया। भाखड़ा डैम क्षेत्र में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन में पठानकोट का तापमान 9.8 डिग्री और चंडीगढ़ का तापमान 7 डिग्री तक बढ़ गया।
पंजाब में अब तक 195.1 मिलीमीटर बारिश
इस मानसून सीजन में पंजाब में अब तक 195.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य बारिश से करीब 32 प्रतिशत कम है।
मौसम में बदलाव का कारण बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव वाला क्षेत्र है, जो लगातार मजबूत हो रहा है। अगले 12 घंटों में इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, जिससे पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम पर असर पड़ सकता है।
कई इलाकों में अच्छी बारिश
मौसम विभाग ने बताया है कि 14 से 18 अगस्त के बीच पंजाब के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी होने की संभावना जताई गई है। लोगों को इस दौरान मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।