Saturday, 01 August 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब कांग्रेस में कलह बढ़ी, राजा वड़िंग के कार्यक्रम में चन्नी समर्थकों ने लगाए नारे
डेली संवाद, पंजाब। Punjab News: पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान अब पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी दिखाई देने लगी है। शनिवार को पटियाला के समाना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा।
चन्नी के समर्थन में नारेबाजी
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में जैसे ही राजा वड़िंग ने संबोधन शुरू किया, कुछ कार्यकर्ताओं ने चन्नी के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। समर्थकों ने ‘चन्नी लियाओ-पंजाब बचाओ’ और ‘चन्नी लियाओ-कांग्रेस बचाओ’ जैसे नारे लगाए।
नारेबाजी से नाराज राजा वड़िंग ने मंच से ही कार्यकर्ताओं से सवाल किया कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यक्रम में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मतभेद की चर्चा
दरअसल, पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चरणजीत सिंह चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के बीच मतभेद की चर्चा चल रही है। कांग्रेस की बूथ मजबूत करने की मुहिम प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग की अगुवाई में चल रही है, लेकिन चन्नी और उनके करीबी नेताओं की इसमें सक्रिय भागीदारी नहीं दिख रही है।
इससे पहले फतेहगढ़ साहिब में हुए पार्टी कार्यक्रम में भी चन्नी शामिल नहीं हुए थे। उस कार्यक्रम में राजा वड़िंग और उनके समर्थक नेताओं ने ही हिस्सा लिया था।