ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 09 July 2026

Punjab Congress News: चन्नी की नाराजगी बरकरार, हाईकमान ने नहीं दिया समय; समर्थकों संग बनाई नई रणनीति

Charanjit Singh Channi
Charanjit Singh Channi
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Congress News: पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) की पार्टी हाईकमान से मुलाकात की कोशिश फिलहाल सफल नहीं हो सकी। सूत्रों के मुताबिक, चन्नी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन उन्हें समय नहीं मिला। इसके बाद चन्नी समर्थक नेताओं ने कपूरथला में विधायक राणा गुरजीत सिंह के आवास पर तीसरी बैठक आयोजित की।

मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा

बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राणा गुरजीत सिंह, भारत भूषण आशु सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए और मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। दूसरी ओर, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि पार्टी हाईकमान का फैसला अंतिम है और इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को संगठन के फैसले का सम्मान करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का संगठन किसी "गुड्डे-गुड़िया का खेल" नहीं है, जहां फैसले बार-बार बदले जाएं। बघेल ने दावा किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को संगठन का मजबूत समर्थन प्राप्त है।

23 जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष वड़िंग के साथ

उनके अनुसार, पंजाब के 23 जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष वड़िंग के साथ हैं और चुनावी तैयारियों में जिला स्तर का संगठन सबसे अहम भूमिका निभाता है। बताया जा रहा है कि भूपेश बघेल ने हाल ही में पंजाब दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस नेताओं, जिला अध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति पर फीडबैक लिया था। इसके बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को सौंपी। रिपोर्ट पर चर्चा के बाद हाईकमान ने मौजूदा फैसले को बरकरार रखने की मंजूरी दे दी, जिसके बाद बघेल ने सार्वजनिक रूप से ऐलान किया कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे।

कई करीबी नेता बघेल की बैठकों से दूरी बनाए रहे

हालांकि, चन्नी समर्थकों का आरोप है कि भूपेश बघेल ने हाईकमान के सामने वास्तविक स्थिति पेश नहीं की है। इस बीच चन्नी और उनके कई करीबी नेता बघेल की बैठकों से दूरी बनाए रहे। चन्नी ने अपने हालिया बयान में सिर्फ इतना कहा कि राहुल गांधी उनके नेता हैं, जबकि संगठनात्मक विवाद और अपने अगले कदम को लेकर उन्होंने कोई खुलकर टिप्पणी नहीं की।