Monday, 03 August 2026
पंजाब
Punjab Congress News: पंजाब कांग्रेस में घमासान! राजा वड़िंग ने चन्नी समर्थक को मंच पर बुलाकर साधा निशाना
डेली संवाद, बठिंडा। Punjab Congress News: पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। गोनियाना के एक रिजॉर्ट में मालवा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी के समर्थकों ने ‘चन्नी जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।
पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी राजनीति एक बार फिर सामने आई है। बठिंडा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों को लेकर तंज कसा।
वड़िंग ने समर्थक को मंच पर बुलाया
कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग चरणजीत चन्नी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इस पर राजा वड़िंग ने एक समर्थक को मंच पर बुलाया और उससे चन्नी व कांग्रेस के समर्थन में नारे लगवाए। इसके बाद वड़िंग ने समर्थक से कहा कि वह चन्नी को फोन कर बताए कि वह कांग्रेस के कार्यक्रम में माहौल खराब करने के लिए आया है।
समर्थक द्वारा चन्नी का नंबर मिलाने पर फोन को स्पीकर पर लगाया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद राजा वड़िंग ने कहा कि शायद चन्नी व्यस्त होंगे और उन्हें अपना नंबर दे दिया जाए, ताकि वह बाद में संपर्क कर सकें।
कॉल रिसीव नहीं हुई
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के जरिए वड़िंग ने पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल के सामने यह संदेश देने की कोशिश की कि कुछ समर्थक पार्टी कार्यक्रमों में व्यवधान डाल रहे हैं और उनके पीछे चन्नी समर्थक हो सकते हैं।
वहीं, भूपेश बघेल के पंजाब दौरे से पहले मुक्तसर और बठिंडा में उनके विरोध में पोस्टर लगाए जाने का मामला भी सामने आया। इन पोस्टरों में बघेल पर निशाना साधते हुए उन्हें वापस जाने की अपील की गई थी। इससे पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।