ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 05 August 2026

Punjab Congress News: चुनाव से पहले कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज, मोगा में लगे ‘चन्नी लाओ’ और ‘राजा-बघेल हटाओ’ के पोस्टर

Punjab Congress News: चुनाव से पहले कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज, मोगा में लगे ‘चन्नी लाओ’ और ‘राजा-बघेल हटाओ’ के पोस्टर

डेली संवाद, मोगा। Punjab Congress News: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के अंदर नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। मोगा में लगाए गए कुछ राजनीतिक पोस्टरों ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।

गुटबाजी को लेकर कयास तेज

मोगा में लगे पोस्टरों में “राजा-बघेल हटाओ, पंजाब कांग्रेस बचाओ” जैसे नारे लिखे गए हैं। वहीं, एक अन्य पोस्टर में “चन्नी लाओ, पंजाब बचाओ” का संदेश दिया गया है। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद कांग्रेस के अंदर चल रही गुटबाजी को लेकर कयास तेज हो गए हैं।

हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये पोस्टर किसने लगवाए हैं। किसी भी राजनीतिक दल, नेता या संगठन ने इनकी जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस या प्रशासन की ओर से भी पोस्टर लगाने वालों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

चन्नी और प्रदेश नेतृत्व के बीच बढ़ी दूरी

चर्चा है कि चन्नी की नाराजगी अब केवल पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग तक सीमित नहीं रही, बल्कि पार्टी हाईकमान के साथ भी मतभेद नजर आ रहे हैं। इससे पहले चन्नी ने कांग्रेस हाईकमान की ओर से नियुक्त एआईसीसी प्रभारी भूपेश बघेल के कार्यक्रमों से दूरी बनाई थी।

दूसरी ओर, राजा वड़िंग की अगुवाई वाले कई कार्यक्रमों में चन्नी के समर्थन में नारे भी लगाए गए हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से अब तक प्रदेश अध्यक्ष बदलने के संकेत नहीं दिए गए हैं। भूपेश बघेल ने भी स्पष्ट किया है कि पंजाब कांग्रेस का नेतृत्व फिलहाल नहीं बदलेगा और आगामी विधानसभा चुनाव राहुल गांधी के चेहरे तथा सामूहिक नेतृत्व के आधार पर लड़ा जाएगा।