ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 29 November 2026

Punjab News: पंजाब में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन ने थामा AAP का दामन, CM भगवंत मान ने किया स्वागत

Punjab News: पंजाब में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन ने थामा AAP का दामन, CM भगवंत मान ने किया स्वागत

डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब की राजनीति में रविवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। अमृतसर पूर्वी से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उनका पार्टी में स्वागत किया।

आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद दिनेश बस्सी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो प्यार, विश्वास और सम्मान मिला है, उसके लिए वह सभी के धन्यवाद करते हैं। बस्सी ने अमृतसर पूर्वी के लोगों और पंजाब की जनता को भरोसा दिलाया कि वह आगे भी लोकसेवा के कार्य जारी रखेंगे।

दिनेश बस्सी अमृतसर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते रहे हैं। वह करीब ढाई साल तक अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन भी रहे। उनके साथ इस मौके पर उनके भाई अमित बस्सी और जीजा रोहित सेतिया भी मौजूद थे।

बेटे के खिलाफ दर्ज धोखाधड़ी के मामले में हुई थी गिरफ्तारी

दिनेश बस्सी कुछ महीने पहले एक धोखाधड़ी के मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद चर्चा में आए थे। थाना सिविल लाइन में दर्ज मुकदमे के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया था। यह मामला बस्सी के बेटे वंश और उसके दोस्त अमित बजाज के खिलाफ दर्ज बताया गया है।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) लगाई गई थी। बस्सी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस के पार्षदों ने थाने के बाहर धरना भी दिया था। उस समय सूचना सामने आई थी कि बस्सी गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश जाने की तैयारी कर रहे थे।

प्लॉट आवंटन मामले में भी हो चुकी है गिरफ्तारी

इससे पहले जुलाई 2022 में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने दिनेश बस्सी को अमृतसर के रंजीत एवेन्यू में एक प्लॉट के आवंटन से जुड़े कथित अनियमितता और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में उन्हें फरवरी 2023 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।

अब कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद दिनेश बस्सी का यह राजनीतिक कदम अमृतसर पूर्वी की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।