ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 08 June 2026

Punjab News: फर्जी CIA अफसर बनकर ज्वेलर्स का किया अपहरण, धमकाकर ऐंठे 5 लाख रुपये

Punjab News: फर्जी CIA अफसर बनकर ज्वेलर्स का किया अपहरण, धमकाकर ऐंठे 5 लाख रुपये
डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: जीरकपुर में खुद को सीआईए स्टाफ का अधिकारी बताकर एक ज्वेलर्स से पांच लाख रुपये की उगाही करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में ज्वेलर्स को दुकान से उठाया, हथकड़ी लगाई और स्कॉर्पियो में बैठाकर शहर में घुमाते हुए उससे मोटी रकम वसूल ली। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

आरोपियों की तलाश जारी

पंचकूला निवासी गौरव गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चंडीगढ़-अंबाला रोड स्थित एमजी ज्वैलर्स का संचालन करते हैं। 5 जून की दोपहर करीब 3:50 बजे उनकी दुकान के बाहर एक काले रंग की स्कॉर्पियो आकर रुकी। वाहन से तीन व्यक्ति उतरे, जिनमें से एक ने खाकी पगड़ी और खाकी पैंट पहन रखी थी। उनके साथ एक व्यक्ति हथकड़ी लगाए हुए था, जबकि दूसरे के हाथ में एक फाइल थी।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

शिकायत के अनुसार, आरोपी सीधे दुकान के अंदर पहुंचे और हथकड़ी लगे व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए आरोप लगाया कि उसने चोरी का सामान गौरव गोयल को बेचा है। इसके बाद आरोपियों ने गौरव पर भी चोरी का माल खरीदने का आरोप लगाया और कहा कि उसके खिलाफ मामला दर्ज है। कुछ ही देर में उन्होंने गौरव को हथकड़ी लगा दी तथा उसका मोबाइल फोन और गाड़ी की चाबी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया गया। दुकान पर मौजूद कर्मचारी जोगिंदर सिंह को भी साथ ले जाया गया।

चाकू दिखाकर 10 लाख रुपये की मांग की

गौरव ने बताया कि स्कॉर्पियो में पहले से दो अन्य व्यक्ति मौजूद थे। रास्ते में आरोपियों ने खुद को सीआईए स्टाफ का सदस्य बताते हुए उसके साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर 10 लाख रुपये की मांग की। बाद में उसे जीरकपुर स्थित मैकडॉनल्ड्स के पास ले जाया गया, जहां उसके पिता को बुलाया गया। आरोप है कि मामला रफा-दफा करने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर दबाव बनाकर पांच लाख रुपये वसूल लिए गए। पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद एक मोबाइल नंबर से फोन कर 11 ग्राम सोना देने की भी मांग की गई, ताकि उसे कथित बरामदगी के रूप में दिखाया जा सके। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।