ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 20 August 2026

Punjab News: कनाडा में पंजाब की युवती की मौत, 4 साल पहले स्टडी वीजा पर गई थी विदेश

Punjab News: कनाडा में पंजाब की युवती की मौत, 4 साल पहले स्टडी वीजा पर गई थी विदेश

डेली संवाद, फरीदकोट। Punjab News: फरीदकोट के गांव डोड की 24 वर्षीय युवती अनमोलदीप कौर की कनाडा के विनिपेग में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बड़ी संख्या में रिश्तेदार, ग्रामीण और परिचित परिवार के घर पहुंचकर शोक व्यक्त कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव डोड की समाजसेवी संस्था सुखमणि नेत्रदानी क्लब के प्रधान डॉ. जरनैल सिंह ने अपनी बेटी अनमोलदीप कौर को करीब चार साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा भेजा था। वह कनाडा के विनिपेग में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसकी पढ़ाई पूरी हो चुकी थी और उसने कनाडा में स्थायी निवास यानी PR के लिए आवेदन भी किया हुआ था।

अचानक बिगड़ी तबीयत

बताया गया है कि मंगलवार को अनमोलदीप कौर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई। कम उम्र में बेटी को खोने की खबर से परिवार सदमे में है।

अनमोलदीप के निधन पर मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जसविंदर सिंह, सोहन लाल शर्मा, नगर कौंसिल जैतो के पूर्व प्रधान सुरजीत सिंह बाबा समेत कई ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

युवाओं के विदेश जाने पर जताई चिंता

ग्रामीणों ने पंजाब से बड़ी संख्या में युवाओं के विदेश जाने के बढ़ते रुझान पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि पंजाब में पढ़ाई पूरी करने के बाद युवाओं को पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिल पाते, जिसके कारण वे बेहतर भविष्य की तलाश में विदेश जाने का फैसला करते हैं।

ग्रामीणों ने सरकार से युवाओं के लिए पंजाब में ही रोजगार के बेहतर अवसर पैदा करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।

शव भारत लाने के लिए मदद की अपील

परिवार और ग्रामीणों ने अनमोलदीप कौर का शव कनाडा से भारत लाने के लिए आर्थिक मदद की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार इस मुश्किल घड़ी में पहले ही गहरे सदमे में है और शव को भारत लाने का खर्च उठाना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

पिता बोले- बेटी को विदेश भेजने का अफसोस

अनमोलदीप कौर के पिता डॉ. जरनैल सिंह ने बेटी की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि बेटी को विदेश भेजने के फैसले पर अब उन्हें बेहद अफसोस हो रहा है।

विदेश जाने वाले युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ कामकाज, खान-पान और रहने जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। बेटी को खोने के दुख को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। परिवार अब अनमोलदीप का शव भारत आने का इंतजार कर रहा है।