Sunday, 20 September 2026
पंजाब
Punjab News: नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 47.332 किलो हेरोइन के साथ 4 गिरफ्तार
डेली संवाद, फरीदकोट। Punjab News: पंजाब (Punjab) के फरीदकोट में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 किलो 332 ग्राम हेरोइन और 3 विदेशी पिस्टल बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में होंडा सिटी कार सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 कारतूस और मैगजीन भी बरामद हुई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल सिंह निवासी गांव गूदड़ पंजगराई, गुरुहरसहाय, अंकुश निवासी गांव लमोचड़ खुर्द, जलालाबाद, सचिन उर्फ संजू और अनमोल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सादिक में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सादिक-दीप सिंह वाला रोड पर पुलिस ने लगाया था नाका
एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के मुताबिक, फरीदकोट पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत CIA स्टाफ फरीदकोट के इंचार्ज हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सादिक से दीप सिंह वाला जाने वाली सड़क पर गांव काउंनी के पास नाकाबंदी की हुई थी।
शनिवार आधी रात के दौरान दीप सिंह वाला की तरफ से एक होंडा सिटी कार आती दिखाई दी। पुलिस कर्मचारियों ने कार को रुकने का इशारा किया। कार नाके के पास रुकी, लेकिन उसमें बैठे युवकों ने अचानक कार को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। हालांकि इसी दौरान कार बंद हो गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार को घेर लिया और तलाशी की कार्रवाई शुरू की।
गट्टे में छिपाकर रखी थी 47 किलो से ज्यादा हेरोइन
पुलिस को कार में रखे एक गट्टे पर संदेह हुआ। इसके बाद मामले की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई और डीएसपी अवतार सिंह राजपाल को मौके पर बुलाया गया। डीएसपी की निगरानी में कार की तलाशी ली गई तो गट्टे के अंदर से हेरोइन के 42 पैकेट बरामद हुए।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
इन पैकेटों का कुल वजन 47 किलो 332 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा कार के डैशबोर्ड में रखे एक लिफाफे से तीन विदेशी .30 बोर पिस्टल, मैगजीन और 15 कारतूस भी बरामद किए गए।
पाकिस्तान से मंगवाई गई थी खेप: पुलिस
एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बरामद नशीला पदार्थ और हथियार सीमा पार पाकिस्तान से मंगवाए गए थे। इसे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस नशे की खेप मंगवाने और आगे सप्लाई करने वाले आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।
सितंबर में करीब 62 किलो हेरोइन बरामद
एसएसपी ने बताया कि फरीदकोट पुलिस ने सितंबर महीने में अब तक नशा तस्करी के चार बड़े मामलों में करीब 62 किलो हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा पुलिस ने 13 हथियार भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार सीमा पार से आने वाले नशे और हथियारों को पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाने के लिए तस्कर अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल करते हैं। पुलिस की सख्ती के चलते लगातार तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है। फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और भूमिका की जांच कर रही है।