ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 06 October 2026

Punjab News: कॉलेज छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में मिला शव; पिता बोले- कई दिनों से परेशान थी बेटी

Punjab News: कॉलेज छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में मिला शव; पिता बोले- कई दिनों से परेशान थी बेटी

डेली संवाद, फरीदकोट। Punjab News: पंजाब के फरीदकोट में BA फाइनल ईयर की 22 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अदिति के रूप में हुई है, जो सरकारी बलजिंदरा कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। घटना मोहल्ला सेठियां की बताई जा रही है। पुलिस ने छात्रा के पिता के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयान में अदिति के पिता अनिल जैन ने बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। अदिति ने परिवार को बताया था कि कुछ लड़के उसे परेशान कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, इस बात को लेकर वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।

कॉलेज से घर लौटने के बाद कमरे में गई

परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब एक बजे अदिति कॉलेज से घर लौटी और सीधे अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

परिजनों ने जब कमरे में जाकर देखा तो अदिति पंखे से चुन्नी के सहारे लटकी हुई थी। परिवार ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया केस

जांच अधिकारी एएसआई गुरदित्त सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जांच के दौरान छात्रा द्वारा बताए गए कथित तौर पर परेशान करने वाले युवकों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस खंगाल रही पूरे मामले की कड़ियां

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा को कौन परेशान कर रहा था और पिछले कुछ दिनों में उसके साथ क्या हुआ। परिवार और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

अगर आप या आपका कोई परिचित आत्महत्या के विचारों या गंभीर भावनात्मक संकट से जूझ रहा है, तो अकेले न रहें और तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति या स्थानीय आपातकालीन/मानसिक स्वास्थ्य सहायता से संपर्क करें।