ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 20 July 2026

Punjab News: बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरुरी खबर, 3 दिन ठप रहेंगी सरकारी बसें

PRTC Buses
PRTC Buses
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने 3, 4 और 5 अगस्त को तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के दौरान पूरे राज्य में सरकारी बसों का संचालन प्रभावित रहने की संभावना है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यह फैसला पंजाब रोडवेज, पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब 25/11 की लुधियाना में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने की। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम खत्म करने और पूरी तनख्वाह देने जैसे कई वादे किए थे।

3, 4 और 5 अगस्त को हड़ताल

लेकिन चार साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इन वादों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नेताओं का कहना है कि सरकार स्पेशल कैडर पॉलिसी को जबरन लागू करने की कोशिश कर रही है, जिसका कर्मचारी विरोध कर रहे हैं।स्टेट जनरल सेक्रेटरी शमशेर सिंह ढिल्लों और अन्य पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

इसके तहत 27 जुलाई को राज्य के सभी बस डिपो पर गेट रैलियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 3, 4 और 5 अगस्त को तीन दिन की हड़ताल के साथ ट्रांसपोर्ट मंत्री और मुख्यमंत्री के आवास के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।यूनियन के इस ऐलान के बाद इन तारीखों में यात्रा करने की योजना बना रहे लोगों को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।