Thursday, 03 September 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब में कर्मचारियों के DA पर सरकार का बड़ा बयान, हरपाल चीमा ने बताई पूरी स्थिति
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब के सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) को लेकर चल रही चर्चा के बीच राज्य सरकार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों को बेसिक पे के साथ 42 फीसदी महंगाई भत्ता दे रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के कर्मचारियों को कई अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर वेतन मिल रहा है।
वेतनमान काफी बेहतर
हरपाल चीमा के मुताबिक, पंजाब के कर्मचारियों की सैलरी की तुलना अगर दूसरे राज्यों से की जाए तो यहां का वेतनमान काफी बेहतर है। उन्होंने दावा किया कि गुजरात के सरकारी कर्मचारियों को पंजाब के मुकाबले करीब 28 फीसदी कम वेतन मिल रहा है।
वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य के कुल राजस्व का लगभग 51 फीसदी हिस्सा कर्मचारियों पर खर्च किया जा रहा है और 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि कर्मचारियों के खातों में जा रही है।
DA को लेकर वित्त मंत्री ने सरकार के पिछले कार्यकालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय कर्मचारियों को 28 फीसदी DA मिलता था, जिसे आम आदमी पार्टी की सरकार ने सत्ता में आने के बाद बढ़ाकर 34 फीसदी किया। इसके बाद 2024 में महंगाई भत्ते को बढ़ाकर 42 फीसदी कर दिया गया।
कर्मचारियों से सीधे बातचीत करना चाहते
चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार नियमों और कानून के दायरे में रहते हुए कर्मचारियों से जुड़े मामलों पर फैसला ले रही है। वहीं, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि वह कर्मचारियों से सीधे बातचीत करना चाहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों के बीच सरकार को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा है। सरकार की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों के वेतन और DA से जुड़े मुद्दों पर सरकार लगातार काम कर रही है और फैसले नियमों के मुताबिक लिए जा रहे हैं।