ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 18 March 2026

Punjab News: सरकार कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक और फूड प्रोसेसिंग उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध: गुरमीत सिंह खुड्डियां

Punjab News: सरकार कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक और फूड प्रोसेसिंग उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध: गुरमीत सिंह खुड्डियां
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब स्टेट फूड कमीशन द्वारा चेयरमैन श्री बाल मुकंद शर्मा की अगुवाई में एमजीएसआईपीए (MGSIPA), सेक्टर-26, चंडीगढ़ में फूड प्रोसेसिंग और कृषि आधारित उद्योगों की संभावनाओं पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार आयोजित किया गया। इस सेमिनार का आयोजन पंजाब स्टेट फूड कमीशन द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में कनाडा के ओंटारियो प्रांत की एसोसिएट मिनिस्टर (स्मॉल बिज़नेस) सुश्री नीना टांगरी तथा पंजाब के कैबिनेट मंत्री (फूड प्रोसेसिंग, कृषि, पशुपालन एवं डेयरी विकास) गुरमीत सिंह खुड्डियां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में सुश्री नीना टांगरी ने पंजाब के कृषि और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र की अपार संभावनाओं की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब और कनाडा के बीच कृषि, फूड प्रोसेसिंग तथा तकनीकी सहयोग को और अधिक मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ज्ञान, तकनीक और निवेश के आदान-प्रदान से दोनों क्षेत्रों के किसानों और उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा।

फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा

वहीं गुरमीत सिंह खुड्डियां ( Gurmeet Singh Khuddian ) ने कहा कि पंजाब सरकार कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक और फूड प्रोसेसिंग उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग के विस्तार से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पंजाब के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के नए अवसर भी मिलेंगे।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

इस अवसर पर चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है, जिससे कृषि उत्पादों की वैल्यू एडिशन बढ़ेगी और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलेगा। सेमिनार के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।

प्रेरणादायक उद्यमी सफर को साझा किया

श्री एन. एस. बराड़, चेयरमैन पग्रो फ्रोजन फूड्स, जो इस सेमिनार के प्रमुख वक्ताओं में से एक थे, ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में अपने प्रेरणादायक उद्यमी सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि पंजाब में उच्च गुणवत्ता वाली सब्जियों और फलों के उत्पादन की अपार क्षमता है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि उन्होंने अपने व्यवसाय की शुरुआत मैकडॉनल्ड्स को 40 मीट्रिक टन फ्रोजन सब्जियों की सप्लाई से की थी, जो आज बढ़कर 10,000 मीट्रिक टन से अधिक प्रोसेस्ड उत्पादों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी कंपनी आज जापान, इंडोनेशिया, फिलीपींस, कनाडा और सिंगापुर सहित कई देशों में अपने उत्पादों का निर्यात कर रही है।

रिसर्च के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर प्रकाश डाला

डॉ. नरपिंदरपाल सिंह, वाइस चांसलर ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून तथा पूर्व हेड फूड टेक्नोलॉजी एवं डायरेक्टर रिसर्च गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फूड टेक्नोलॉजी और रिसर्च के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर प्रकाश डाला। इसके अलावा श्री मंगल सिंह बस्सी, चेयरमैन एग्रो, श्री अरुण ग्रोवर, चेयरमैन अमर टेक्स ग्रुप, सुश्री पवितर कौर, कंसल्टेंट, मिनिस्ट्री ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज़, भारत सरकार, श्री इंदरदीप सिंह चीमा, चेयरमैन ईस्ट वुड विलेज, कैप्टन विक्रम बाजवा, पूर्व सीजीएम आरबीआई, श्री एम. एस. औजला, पूर्व निदेशक टाउन प्लानिंग, तथा श्री जसविंदर सिंह, प्रिंसिपल खालसा कॉलेज ने भी सेमिनार के संदर्भ में अपने महत्वपूर्ण विचार रखे।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन कर रहे श्री विजय दत्त, सदस्य पंजाब स्टेट फूड कमीशन ने कहा कि ऐसे सेमिनार पंजाब में फूड प्रोसेसिंग और कृषि आधारित उद्योगों को नई दिशा देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में श्री चेतन प्रकाश धालीवाल, सदस्य पंजाब स्टेट फूड कमीशन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पंजाब स्टेट फूड कमीशन की मेंबर सेक्रेटरी सुश्री कन्नू थिंद ने सुश्री नीना टांगरी को पंजाब की पारंपरिक फुलकारी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके साथ उनके पति श्री अश्वनी टांगरी तथा श्री सुदीप सिंगला भी विशेष रूप से मौजूद रहे।