ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 16 September 2026

Punjab News: सीमा पार से तस्करी के मॉड्यूल को नाकाम, हेरोइन और अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद

Punjab News: सीमा पार से तस्करी के मॉड्यूल को नाकाम, हेरोइन और अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद

डेली संवाद, चंडीगढ़/अमृतसर। Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने सीमा पार से तस्करी के मॉड्यूल को नाकाम करते हुए 27 किलोग्राम हेरोइन, एक अत्याधुनिक विदेशी .30 बोर पीएक्स 5 पिस्तौल और तीन कारतूसों सहित चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान विशाल सिंह उर्फ शालू, मनप्रीत सिंह उर्फ सन्नी और स्मार्टप्रीत सिंह, तीनों निवासी भल्ला कॉलोनी, छेहरटा, अमृतसर तथा करण सिंह निवासी गांव भुस्से, तरनतारन के रूप में हुई है।

आगे सप्लाई करना था

नशीले पदार्थों और हथियारों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने उनका एक काले रंग का स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (पीबी 02-सीडब्ल्यू-6647) और ग्रे रंग का होंडा एक्टिवा (पीबी 02-ईएक्स-4503) भी जब्त किया है, जिनका इस्तेमाल तस्करी की गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी दुबई स्थित संचालक और सीमा पार से तस्करों के साथ तालमेल करके काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों ने अपने हैंडलरों के निर्देशों पर इसे आगे सप्लाई करना था।

एन्क्रिप्टेड संचार प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे

डीजीपी ने बताया कि जांच से यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पुलिस से बचने के उद्देश्य से अपने हैंडलरों से संपर्क के लिए एन्क्रिप्टेड संचार प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे।

कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सी.आई. अमृतसर की टीमों को पुख्ता जानकारी मिली थी कि संदिग्ध विशाल, मनप्रीत, स्मार्टप्रीत और करण ने भारत-पाक सीमा क्षेत्र अटारी से ड्रोन के माध्यम से गिराई गई हेरोइन और हथियारों की बड़ी खेप प्राप्त की है और इस खेप को अड्डा खासा, अमृतसर के पास किसी अन्य पक्ष को सौंपना है।

आगे की जांच जारी

उन्होंने बताया कि तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने छापेमारी कर उन्हें बस शेल्टर, खासा के पास काबू कर लिया। उन्होंने आगे बताया कि तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 27 किलोग्राम हेरोइन, एक अत्याधुनिक विदेशी .30 बोर पीएक्स 5 पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद हुए।

डीजीपी ने बताया कि तस्करी नेटवर्क में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान करने और इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पूरी तरह पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं 21, 25, 29 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत दिनांक 15-09-2026 को एफ.आई.आर. नंबर 58 दर्ज की गई है।